सरहुल जुलूस में तीन मौतों का मामला: कोर्ट में गवाहों की पलटी गवाही, सबूत के अभाव में ट्रैक्टर चालक बरी
राँची।सरहुल जुलूस से लौटते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलटने से तीन लोगों की मौत और दो दर्जन लोगों के घायल होने के चर्चित मामले में राँची की न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी-18) मान्या टंडन की अदालत ने आरोपी चालक नीरज प्रजापति को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। सोमवार को सुनाए गए फैसले में कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा।मामले के चार में से तीन गवाह अदालत में अपने बयान से मुकर गए, जबकि मुकदमे के सूचक सुलेश मुंडा गवाही देने के लिए कोर्ट ही नहीं पहुंचे।
जुलूस से लौटते समय जामगाई मोड़ के पास पलटा था ट्रैक्टर
अभियोजन के अनुसार, घटना 14 अप्रैल 2024 की है। मुरूपीरी गांव से सरहुल का जुलूस निकलकर बुढ़मू स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम गया था।शाम करीब 7 बजे जुलूस के वापस लौटने के दौरान एक हरे रंग के जॉन डियर ट्रैक्टर का चालक नीरज प्रजापति अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था।ट्रॉली पर सवार लोगों के बार-बार मना करने के बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की,जिससे जामगाई मोड़ के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर पलट गया। इस भीषण हादसे में ट्रॉली पर सवार करीब 24 लोग घायल हो गए थे, जिनमें से गंभीर रूप से घायल प्रभू मुंडा, विवेक भगत और रेशमी कुमारी की रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले को लेकर बुढ़मू थाने में कांड संख्या 27/24 दर्ज की गई थी।
तीन गवाह हुए होस्टाइल, पीड़िता भी नहीं पेश कर सकी ठोस प्रमाण
ट्रायल के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल चार गवाह पेश किए गए।इनमें प्रवीण उरांव, सुनील मुंडा और अनूप बैठा ने अदालत में घटना की किसी भी तरह की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया,जिसके बाद उन्हें पक्षद्रोही घोषित कर दिया गया। वहीं, चौथी गवाह और पीड़िता विनीता देवी ने घटना का समर्थन किया, लेकिन जिरह के दौरान वे ट्रैक्टर या ट्रॉली का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं बता सकीं।

