चतरा में पुलिस के हत्थे चढ़े हथियार लेकर घूम रहे दो संदिग्ध, कमर में खोसा था 9 एमएम का देसी रिवॉल्वर; तीन जिंदा गोलियां भी बरामद
चतरा। चतरा में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हथियार लेकर घूम रहे दो संदिग्ध अपराधकर्मियों को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने इनके पास से 9 एमएम का एक देसी सिक्सर, तीन जिंदा गोलियां और एक TVS अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ चतरा सदर थाना में पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।
यह कार्रवाई 21 नवंबर 2026 को कुंदा थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस अधीक्षक चतरा को गुप्त सूचना मिली थी कि बानासाम गांव से रंथा मोड़ होते हुए कुछ संदिग्ध अपराधकर्मी अवैध हथियार लेकर कुंदा की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी दल रंथा मोड़-कुंदा-लावालौंग मुख्य मार्ग पर तीनमुहाना के पास पहुंचा। इसी दौरान एक काले-लाल रंग की TVS अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनका पीछा किया और खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान बलदेव गंझू उर्फ छोटू गंझू (35 वर्ष), पिता रामवृक्ष गंझू, निवासी बानासाम और सुरेन्द्र कुमार (23 वर्ष), पिता पृथ्वी गंझू, निवासी बजराही, थाना कुंदा, जिला चतरा के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों की विधिवत तलाशी ली तो चौंकाने वाली बरामदगी हुई। बलदेव गंझू उर्फ छोटू गंझू ने अपनी कमर के बाईं ओर बेल्ट के सहारे 9 एमएम का एक देसी सिक्सर छिपाकर रखा था। उसके पास से एक जिंदा गोली भी बरामद हुई। वहीं, दूसरे आरोपी सुरेन्द्र कुमार की जींस पैंट की बाईं जेब से 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां मिलीं।
पुलिस ने मौके से एक देसी सिक्सर, तीन जिंदा कारतूस और काले-लाल रंग की TVS अपाचे मोटरसाइकिल जब्त कर ली। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुरेन्द्र कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ चतरा सदर थाना कांड संख्या 307/2025, दिनांक 19 सितंबर 2025 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26 के तहत मामला दर्ज है। ऐसे में हथियार और गोलियों के साथ उसकी गिरफ्तारी को पुलिस महत्वपूर्ण मान रही है।
इस मामले में कुंदा थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 21 नवंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हथियार रखने के उद्देश्य और उनके संभावित आपराधिक संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पूरी छापेमारी का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने किया। छापेमारी दल में कुंदा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक नागेश्वर पंडित, मुनेश्वर चौधरी, कुंदा थाना के सशस्त्र बल और चौकीदार शामिल थे।पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार लेकर इलाके में घूम रहे संदिग्धों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।

