राँची में हथियार लहराकर हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल, सदर पुलिस ने छापेमारी कर जब्त किया हथियार; राजनीतिक दल से जुड़ा बताया जा रहा युवक
राँची।राजधानी राँची में हथियार लहराकर खुलेआम हवाई फायरिंग करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मामला सदर थाना क्षेत्र के सरना टोली का है, जहां एक युवक ने अपने घर के पास बंदूक से कई राउंड हवाई फायरिंग की। युवक ने फायरिंग का वीडियो भी बनवाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और छापेमारी कर संबंधित हथियार को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम सरना टोली में एक व्यक्ति अपने घर के पास बंदूक लेकर पहुंचा और खुलेआम कई राउंड हवाई फायरिंग की। इस दौरान वह हथियार लहराता भी नजर आया। फायरिंग की पूरी घटना का वीडियो बनाया गया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में हथियार के साथ फायरिंग किए जाने की तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और संबंधित ठिकाने पर छापेमारी कर हथियार को जब्त कर लिया। इस संबंध में सदर थाना में सनहा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जिस हथियार को जब्त किया गया है, वह पटाखा फोड़ने वाला हथियार है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो में फायरिंग करता दिख रहा व्यक्ति एक राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल उसकी पहचान और राजनीतिक संबद्धता को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने किस परिस्थिति में फायरिंग की, हथियार का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के पीछे उसकी मंशा क्या थी। फिलहाल हथियार जब्त कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

