रेलवे ट्रैक पर मौत बनकर दौड़ी मालगाड़ी, भागने की कोशिश में भी नहीं बची जान, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत

 

लातेहार। झारखण्ड के लातेहार जिले में रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे दो मजदूरों के लिए मालगाड़ी काल बनकर दौड़ी। अचानक सामने आई मालगाड़ी को देखकर मजदूरों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि वे ट्रैक से हट पाते, दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बरवाडीह रेलवे स्टेशन के पास की है। दोनों मृतक बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बरवाडीह थाना क्षेत्र में बरवाडीह रेलवे स्टेशन और उक्कामाड़ के बीच रेलवे पोल संख्या 254/26-28 के पास रेलवे ट्रैक पर मजदूर काम कर रहे थे। बताया जाता है कि मजदूर रेलवे लाइन पर केबल बिछाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक मालगाड़ी उसी ट्रैक पर आ पहुंची। मालगाड़ी को करीब आता देख मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। दोनों ने वहां से हटकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और मालगाड़ी ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम के कारण मजदूरों को मालगाड़ी के आने की आवाज सुनाई नहीं दी होगी। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

 

दो मजदूरों की मौत के बाद रेलवे ट्रैक पर करीब 25 से 30 मिनट तक परिचालन बाधित रहा। बरवाडीह के सीनियर स्टेशन मास्टर अनिल द्विवेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद कुछ देर के लिए रेल परिचालन रोकना पड़ा था। बाद में रेलवे ट्रैक से शव हटाए जाने के बाद परिचालन सामान्य कर दिया गया।

डीएसपी वीरेंद्र कुमार राम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों मृतकों के मजदूर होने की बात सामने आई है। पुलिस और रेलवे की टीम हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

गौरतलब है कि तीसरी रेल लाइन बनने के बाद बरवाडीह रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। इस रूट से बड़ी संख्या में मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिनमें कोयला लदी मालगाड़ियों की संख्या भी काफी अधिक है। ऐसे व्यस्त रेलखंड पर काम के दौरान हुए इस हादसे ने रेलवे ट्रैक पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!