हजारीबाग:पुलिस कस्टडी से भाग रहा राहुल दुबे गैंग का शूटर तुषार मिश्रा दबोचा गया, धर-पकड़ में पैर टूटा,एक पुलिसकर्मी भी घायल
–एके इंटरनेशनल होटल फायरिंग का मास्टरमाइंड बताया जा रहा तुषार, जेल में रहते हुए रची थी गोलीबारी की साजिश; एसपी अमन कुमार ने देर रात किया खुलासा
हजारीबाग।गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के अपराधी तुषार मिश्रा ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के आगे उसकी एक नहीं चली। रामगढ़ जेल से पुलिस रिमांड पर हजारीबाग लाए जा रहे तुषार ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास शौच जाने का बहाना बनाया और वाहन से उतरते ही भागने का प्रयास किया। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। इस दौरान हुई धर-पकड़ में उसके पैर में गंभीर चोट (पैर टूट गया) आई है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है।वहीं, पकड़ने के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं।उनका भी इलाज जारी है।
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने शुक्रवार देर रात मीडिया को दी। एसपी के अनुसार, तुषार मिश्रा को कोर्रा थाना कांड संख्या 205/26 के तहत पुलिस रिमांड पर पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से हजारीबाग लाया जा रहा था। इसी दौरान उसने भागने की कोशिश की। सुरक्षा बलों की तत्परता से उसे दोबारा पकड़ लिया गया।
पुलिस और आरोपी दोनों घायल, एक पुलिस पदाधिकारी के पैर में भी गंभीर चोट
तुषार मिश्रा को पकड़ने के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच हुई धर-पकड़ में एक पुलिसकर्मी पुन्नू यादव भी घायल हो गए। उनके पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे तुषार मिश्रा के पैर टूट गया है। दोनों को उपचार की आवश्यकता पड़ी। पुलिस पदाधिकारी के घायल होने के बावजूद सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भागने नहीं दिया और उसे दोबारा अपने कब्जे में ले लिया।
घायल पुलिसकर्मी
एके इंटरनेशनल होटल फायरिंग की साजिश में अहम भूमिका
एसपी के मुताबिक, तुषार मिश्रा राहुल दुबे गैंग का सदस्य है और चौपारण के सरदारपुर स्थित एके इंटरनेशनल होटल के बाहर हुई फायरिंग की घटना में उसकी अहम भूमिका सामने आई है। पुलिस का दावा है कि होटल में गोलीबारी की पूरी साजिश तुषार ने ही रची थी। शुरुआती पूछताछ में उसने खुलासा किया कि जेल में रहते हुए ही उसने इस वारदात की योजना पीछे से तैयार की थी। इसके बाद गैंग के अन्य लोगों के जरिए घटना को अंजाम देने की साजिश रची गई।
जेल में बैठकर बाहर चला रहा था अपराध का नेटवर्क!
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में तुषार ने कई अहम जानकारियां दी हैं। एसपी के अनुसार, उसने एके इंटरनेशनल होटल में फायरिंग की योजना जेल में रहते हुए बनाने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा अन्य आपराधिक घटनाओं और उनमें शामिल लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब इन जानकारियों के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों और साजिश में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
इलाज के बाद फिर होगी पूछताछ
फिलहाल तुषार मिश्रा का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि उसकी स्थिति को देखते हुए आगे की पूछताछ की जाएगी। एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल में रहते हुए तुषार किन लोगों के संपर्क में था और होटल फायरिंग की साजिश में गैंग के किन-किन सदस्यों ने उसका साथ दिया था।
एके इंटरनेशनल होटल फायरिंग के मामले में तुषार से पूछताछ को पुलिस अहम कड़ी मान रही है। अब उसके खुलासों से राहुल दुबे गैंग के नेटवर्क और अन्य वारदातों की साजिश से जुड़े कई राज सामने आने की उम्मीद है।

