रिम्स जमीन घोटाला: सात गिरफ्तार अफसरों के ठिकानों पर ACB का ताबड़तोड़ छापा, राँची से जमशेदपुर, गिरिडीह और बोकारो तक मची खलबली
जमशेदपुर/बोकारो/गिरिडीह/राँची।रिम्स की करोड़ों की जमीन से जुड़े कथित घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अब गिरफ्तार अधिकारियों के ठिकानों पर शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार को एसीबी की अलग-अलग टीमों ने झारखण्ड के कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर अधिकारियों के आवास खंगाले। राँची से लेकर जमशेदपुर, गिरिडीह और बोकारो तक चली इस कार्रवाई में जमीन के दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की तलाश की गई। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।
एसीबी की टीमों ने गिरफ्तार सात अधिकारियों के ठिकानों को निशाने पर लिया। छापेमारी का उद्देश्य कथित जमीन घोटाले से जुड़े दस्तावेजों और अधिकारियों की संपत्ति से संबंधित जानकारियां जुटाना बताया जा रहा है।
राँची के कई इलाकों में एक साथ पहुंची ACB की टीम
राजधानी राँची में एसीबी की टीमों ने बरियातू, कांके, कोकर, अरगोड़ा और मोरहाबादी स्थित वृंदावन अपार्टमेंट में छापेमारी की। अलग-अलग टीमों ने संबंधित आवासों की तलाशी ली और जमीन की खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की।
एसीबी ने सात अधिकारियों से जुड़े 10 ठिकानों पर की छापेमारी
गिरफ्तार सातों अधिकारियों से जुड़े कुल 10 ठिकानों पर शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने एक साथ छापेमारी की। ये ठिकाने राँची, जमशेदपुर, गिरिडीह और बोकारो में स्थित हैं। पूरा मामला अधिकारी-दलाल सिंडिकेट के माध्यम से रिम्स की जमीन पर कब्जा कर अपार्टमेंट बनाने और जमीन की खरीद-बिक्री करने के कथित खेल से जुड़ा है।
इन ठिकानों पर हुई छापेमारी की पूरी सूची:
मनोज कुमार रंजन: अप्राथमिकी अभियुक्त एवं तत्कालीन भूमि सुधार उप-समाहर्ता, वर्तमान में आईएएस अधिकारी और शिक्षा विभाग में निदेशक। इनके दो ठिकानों पर छापेमारी हुई। पहला राँची के अरगोड़ा और दूसरा जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित बालिगुमा में है।
राजेश कुमार: अप्राथमिकी अभियुक्त एवं तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल, राँची। इनके राँची के कोकर स्थित आवास पर एसीबी ने छापेमारी की।
वैभवमणि त्रिपाठी: अप्राथमिकी अभियुक्त एवं तत्कालीन जिला अवर निबंधक, राँची। इनके राँची के बरियातू स्थित आवास पर तलाशी ली गई।
अविनाश कुमार: अप्राथमिकी अभियुक्त एवं तत्कालीन जिला अवर निबंधक, राँची एवं कांके प्रक्षेत्र। इनके राँची के बरियातू स्थित आवास पर छापेमारी की गई।
राहुल कुमार चौबे: अप्राथमिकी अभियुक्त एवं तत्कालीन जिला अवर निबंधक, राँची। इनके दो ठिकानों पर छापेमारी हुई। इनमें पहला राँची के मोरहाबादी स्थित आवास और दूसरा बोकारो स्टील सिटी स्थित आवास है।
शैलेश कुमार: अप्राथमिकी अभियुक्त एवं तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल, राँची। इनके दो ठिकानों पर एसीबी ने दबिश दी। पहला राँची के मोरहाबादी और दूसरा गिरिडीह स्थित आवास है।
मनोज कुमार: अप्राथमिकी अभियुक्त एवं तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल, राँची। इनके राँची के बरियातू स्थित आवास पर छापेमारी की गई।
जमशेदपुर के मानगो में बंगले का ताला काटकर दाखिल हुई टीम
जमशेदपुर के मानगो स्थित सन सिटी के बंगला नंबर 173 में भी एसीबी ने कार्रवाई की। यह आवास गिरफ्तार बेरमो एसडीओ मनोज कुमार का बताया गया है। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे डीएसपी इंद्रदेव राम के नेतृत्व में टीम वहां पहुंची। मुख्य गेट पर ताला बंद मिलने के बाद उसे कटवाकर टीम अंदर दाखिल हुई।
तलाशी के दौरान अलमारी का लॉक नहीं खुलने पर मिस्त्री बुलाया गया। इसके बाद अलमारी का लॉक कटवाकर अंदर रखे दस्तावेजों की जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार, यहां से कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए हैं। पूरी कार्रवाई मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई।
गिरिडीह के शास्त्रीनगर में पूर्व CO के पैतृक आवास पर छापा
गिरिडीह में गिरफ्तार पूर्व अंचल अधिकारी शैलेश कुमार के शास्त्रीनगर स्थित पैतृक आवास पर भी एसीबी की टीम ने दबिश दी। सुबह-सुबह कई वाहनों से पहुंची टीम ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई का नेतृत्व हजारीबाग एसीबी के डीएसपी सुरेंद्र रविदास कर रहे थे। अधिकारियों ने घर के अंदर संपत्ति और जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
बोकारो के कसमार में निलंबित जिला अवर निबंधक के घर भी रेड
छापेमारी का दायरा बोकारो जिले तक भी पहुंचा। शुक्रवार को एसीबी की टीम कसमार प्रखंड के गर्री स्थित निलंबित जिला अवर निबंधक राहुल कुमार चौबे के आवास पर पहुंची। टीम ने घर की तलाशी ली और परिजनों से पूछताछ की। इसके अलावा आसपास के कुछ लोगों से भी मामले से संबंधित जानकारी जुटाई गई। इस कार्रवाई के बाद जांच में एक और महत्वपूर्ण ठिकाना जुड़ गया।
9.65 एकड़ जमीन के कथित फर्जीवाड़े की जांच
दरअसल, पूरा मामला रिम्स के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। इसमें मोरहाबादी मौजा की लगभग आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में कथित हेरफेर के जरिए अधिग्रहित जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दर्शाकर उसकी खरीद-बिक्री और हस्तांतरण की कोशिश की गई।
जांच एजेंसी जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व अभिलेखों में हुई कथित गड़बड़ियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
17 नवंबर से शुरू हुई गिरफ्तारियों की कार्रवाई
इस मामले में एसीबी ने 17 नवंबर की रात आईएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन समेत छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। इनमें तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला अवर निबंधक और अंचल अधिकारी शामिल हैं। इसके बाद 19 नवंबर को बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह मामले में गिरफ्तार अधिकारियों की संख्या सात हो गई।
अब संपत्ति और लेनदेन की पड़ताल में जुटी एजेंसी
शुक्रवार की छापेमारी के जरिए एसीबी कथित घोटाले से जुड़े दस्तावेजों के साथ अधिकारियों की संपत्ति और वित्तीय लेनदेन की जानकारी भी जुटा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में लगी है कि जमीन के रिकॉर्ड में कथित हेरफेर किस स्तर पर हुआ, किन अधिकारियों की क्या भूमिका रही और इस पूरे प्रकरण में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल छापेमारी में बरामद सभी दस्तावेजों का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है। एसीबी की जांच आगे बढ़ने के साथ इस कथित जमीन घोटाले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।

