आय से अधिक संपत्ति का मामला: पूर्व चौकीदार के आवास पर ACB की रेड से मचा हड़कंप, घर पर नहीं मिला पूर्व चौकीदार

 

पाकुड़। झारखण्ड के पाकुड़ जिले में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को ACB दुमका की टीम ने महेशपुर प्रखंड के गढ़बाड़ी गांव में पूर्व चौकीदार धीरेन माल के आवास पर अचानक धावा बोला। छह वाहनों से पहुंची ACB की टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।

 

जानकारी के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच के सिलसिले में ACB की टीम धीरेन माल के आवास पर पहुंची थी। टीम के अधिकारी घर में मौजूद विभिन्न दस्तावेजों और संपत्ति से संबंधित अभिलेखों का बारीकी से मिलान कर रहे हैं। छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी और पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई।

 

छापेमारी के दौरान एक अहम जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि जब ACB की टीम धीरेन माल के घर पहुंची, तब वह वहां मौजूद नहीं था। सूत्रों के मुताबिक, वह इलाज कराने पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट गया हुआ था। इसकी जानकारी मिलने के बाद ACB की टीम उसे लेने के लिए रामपुरहाट भी पहुंची, लेकिन वहां उसका पता नहीं चल सका।पूर्व चौकीदार के घर पर ACB की कार्रवाई जारी रही। टीम के अधिकारी उसके परिजनों से आवश्यक पूछताछ कर रहे थे। साथ ही संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही थी।

फिलहाल ACB की ओर से छापेमारी में बरामद दस्तावेजों, संपत्ति के ब्योरे या किसी अन्य सामग्री को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस कार्रवाई में कौन-कौन से तथ्य सामने आए हैं और आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।

 

 

error: Content is protected !!