राँची में अफीम के अवैध कारोबार पर SSP का शिकंजा, पुराने आरोपी भी रडार पर; संवेदनशील गांवों में पुलिस की बढ़ेगी निगरानी
राँची। राजधानी राँची और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अवैध अफीम की खेती करने वालों की अब खैर नहीं। पुलिस ने इस बार सिर्फ खेतों में लगी अफीम की फसल नष्ट करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखने का फैसला किया है, बल्कि इस अवैध कारोबार से जुड़े पुराने आरोपियों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी। SSP राकेश रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पहले NDPS एक्ट में चार्जशीटेड रहे और फिलहाल जमानत पर बाहर घूम रहे आरोपियों का दोबारा सत्यापन किया जाए। यदि कोई फिर से अफीम की खेती या तस्करी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को SSP राकेश रंजन की अध्यक्षता में अवैध अफीम की खेती के विनष्टीकरण को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में ग्रामीण एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। SSP ने निर्देश दिया कि NDPS एक्ट के तहत पहले आरोपित रहे और जेल से जमानत पर बाहर आए लोगों की गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए। दोबारा अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर उनके खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जहां नष्ट हुई थी अफीम की फसल, वहां फिर पहुंचेगी पुलिस
पुलिस अब उन इलाकों को भी विशेष निगरानी में रखेगी, जहां पहले अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया था। SSP ने सभी संवेदनशील स्थलों का दोबारा सत्यापन कराने का निर्देश दिया है, ताकि फसल नष्ट होने के बाद दोबारा खेती शुरू न हो सके। इसके लिए संबंधित स्थानों की GPS लोकेशन दर्ज करने और फोटोग्राफी कराने को कहा गया है।
गांव-गांव पहुंचेगी पुलिस, लोगों को करेगी जागरूक
अवैध अफीम की खेती पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाएगी। सुदूरवर्ती गांवों में लोगों को अफीम की खेती के कानूनी दुष्परिणामों और इसमें शामिल होने पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य स्थानीय लोगों को इस अवैध कारोबार से दूर रखना भी है।
इन थाना क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस
समीक्षा बैठक में बुंडू एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक सदर पश्चिमी अंचल के अलावा बुंडू, तमाड़, दशमफॉल, राहे, सोनाहातू और पिठोरिया थाना प्रभारी शामिल हुए। SSP ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और अवैध अफीम की खेती के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस की इस नई रणनीति से साफ है कि अब कार्रवाई का दायरा खेतों से निकलकर अवैध कारोबार से जुड़े पुराने आरोपियों और संवेदनशील गांवों तक पहुंचेगा।

