रात 10 बजे आया फोन, घर से निकला युवक फिर नहीं लौटा; रात 2 बजे रेलवे ट्रैक पर मिला शव, हत्या के आरोप में सड़क पर उतरे ग्रामीण
गयाजी। बिहार के गयाजी जिले में एक फोन कॉल के बाद घर से निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। गुरुवार की रात करीब 10 बजे फोन आने पर घर से निकला युवक वापस नहीं लौटा। करीब चार घंटे बाद रात 2 बजे उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। शुक्रवार सुबह पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसे हादसा नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए सड़क पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुनवां गांव निवासी सहदेव चौधरी उर्फ साहेब के रूप में हुई है। वह बाइक सर्विसिंग और पार्ट्स बिक्री का कारोबार करता था।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे सहदेव के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। कॉल आने के बाद वह घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश और वापसी का इंतजार करते रहे। इसी बीच रात करीब दो बजे गया-किऊल रेलखंड पर रघुनाथपुर के पास एक मालगाड़ी के चालक की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े युवक के शव पर पड़ी।
चालक ने तत्काल ट्रेन रोककर स्टेशन प्रबंधक को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेलकर्मी और वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाया, लेकिन उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
सुबह पहचान होते ही भड़का आक्रोश, NH-82 जाम
शुक्रवार सुबह शव की पहचान सहदेव चौधरी के रूप में होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने का आरोप लगाया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुनवां के पास बगाही मोड़ पर शव वाहन रोक दिया और शव को सड़क पर रखकर गया-राजगीर एनएच-82 जाम कर दिया।
करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित एएनएमएमसीएच ले जा रही थी, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव वाहन को रोककर विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझाने और सड़क जाम हटवाने का प्रयास किया।
फिलहाल युवक की मौत के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों के हत्या के आरोप और रात में फोन आने के बाद घर से निकलने की घटना ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही स्पष्ट होगा कि सहदेव की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।

