40 लाख की मांग, धमकी और फिर कत्ल…राँची में सूदखोरी विवाद ने ली युवक की जान…

–50 हजार नहीं, 17 लाख रुपये का था कर्ज, हर महीने 1.20 लाख रुपये ब्याज देने की थी शर्त; करीब 50 लाख तक पहुंची मांग का परिजनों ने लगाया आरोप

-12-15 युवकों के साथ आधी रात घर पहुंचा आरोपी, महिलाओं समेत परिवार के लोगों से मारपीट; दहशत के बीच पांच साल की बेटी और गर्भवती पत्नी को छोड़ गया दोबारा न लौटने वाला दर्द

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची के पॉश इलाके में शामिल इंद्रपुरी में बुधवार की देर रात सूदखोरी के पैसों का विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 स्थित श्रीहरि कॉलोनी में 12-15 युवकों के साथ पहुंचे आरोपियों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट और हंगामे के बीच घर का गेट बंद होने के बावजूद एक हमलावर ने गेट के अंदर हाथ डालकर गोली चला दी। गोली सीधे 37 वर्षीय मिथिलेश महतो उर्फ छोटू महतो की दाईं आंख को चीरते हुए सिर के पीछे से निकल गई। गंभीर रूप से घायल मिथिलेश को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक अपने पीछे करीब पांच साल की मासूम बेटी और गर्भवती पत्नी को छोड़ गए हैं। गुरुवार को रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को हरमू श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

 17 लाख रुपये कर्ज, हर महीने 1.20 लाख ब्याज का आरोप

मृतक के बड़े भाई चंद्रशेखर महतो ने घटना के पीछे सूद के पैसों के लेनदेन को वजह बताया है। उनके अनुसार, उनके मंझले भाई विकास कुमार महतो ने धुर्वा निवासी अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू से दो किस्तों में कुल 17 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके बदले हर महीने 1.20 लाख रुपये ब्याज देना तय हुआ था।परिजनों का कहना है कि विकास ने मूलधन और ब्याज मिलाकर तीन किस्तों का भुगतान भी किया, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण बाद में किस्त देना बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद अभिषेक ने विकास की फॉर्च्यूनर गाड़ी गिरवी रखवा ली। इसके अलावा कई फॉर्म पर हस्ताक्षर और चेक भी अपने पास रख लिए। लोन दिलाने वाले बिचौलिये निशांत भूषण का चेक भी आरोपी के पास होने की बात कही गई है।

ब्याज बढ़ाते-बढ़ाते 40 लाख रुपये मांगने का आरोप

चंद्रशेखर महतो के मुताबिक, विकास ने अभिषेक से कहा था कि गिरवी रखी फॉर्च्यूनर गाड़ी बेचकर बकाया रकम चुका दी जाएगी और शेष राशि का भुगतान बाद में कर दिया जाएगा। लेकिन आरोपी इसके लिए तैयार नहीं हुआ। आरोप है कि वह लगातार ब्याज की रकम बढ़ाता रहा और बाद में 40 लाख रुपये की मांग करने लगा।परिवार का आरोप है कि रकम नहीं देने पर लगातार धमकियां दी जा रही थीं। करीब 15 दिन पहले भी अभिषेक अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा था और मिथिलेश के नाम पर खरीदी गई क्रेटा कार की चाबी जबरन लेकर चला गया था।

पहले शराब पार्टी, फिर 12-15 युवकों के साथ घर पहुंचा आरोपी

परिजनों के अनुसार, बुधवार की रात अभिषेक ने सिंहमोड़ में अपने साथियों के साथ शराब पी और इसके बाद श्रीहरि कॉलोनी स्थित उनके घर पहुंच गया। बताया गया कि इससे पहले दिन में ही आरोपी के खाते में करीब एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए गए थे।

रात करीब 11:45 बजे अभिषेक अपने 12 से 15 साथियों के साथ घर के गेट पर पहुंचा और गेट पीटते हुए हंगामा करने लगा। परिवार के लोगों ने उसे नशे की हालत में देखकर सुबह आने को कहा, लेकिन वह वहां से जाने को तैयार नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार, उस दौरान उसकी कमर में हथियार भी दिखाई दे रहा था।

 महिलाओं समेत परिवार के लोगों से मारपीट, मोहल्ले के लोग भी बने निशाना

हंगामा बढ़ता देख चंद्रशेखर, विकास, मिथिलेश और परिवार के अन्य सदस्य नीचे आए। आरोप है कि अभिषेक और उसके साथियों ने महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहल्ले के लोगों को भी पीटा गया। इस दौरान चंद्रशेखर और मिथिलेश की सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

परिजनों के मुताबिक, मारपीट के बाद आरोपी घर से करीब 200 मीटर दूर जाकर खड़े हो गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद कुछ और युवकों को बुलाया गया। उनमें से एक युवक हथियार लेकर दोबारा घर के गेट के पास पहुंचा।

बंद गेट के अंदर हाथ डालकर चलाई गोली, आंख चीरते हुए सिर से निकली

परिवार के लोग दहशत में आकर घर का गेट बंद कर चुके थे। आरोप है कि इसी दौरान हथियार लेकर पहुंचे युवक ने गेट के अंदर हाथ डालकर गोली चला दी। गोली मिथिलेश महतो की दाईं आंख को चीरते हुए सिर के पीछे से निकल गई। अचानक हुई इस फायरिंग से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में मिथिलेश को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

रात 12:20 बजे पुलिस को दी सूचना, देर से पहुंचने का आरोप

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। चंद्रशेखर महतो का आरोप है कि रात 12:20 बजे ही पुलिस को हंगामे की सूचना दे दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब आधे से पौन घंटे बाद मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि सुखदेवनगर थाना घटनास्थल से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर है। गोली चलने और मिथिलेश की मौत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते पहुंच जाती तो शायद उनके भाई की जान बच सकती थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने में हुई देरी और समय पर सूचना मिलने के संबंध में आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

मुख्य आरोपी अभिषेक सहित करीब आधा दर्जन नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

घटना को लेकर मृतक के भाई विकास महतो ने मुख्य आरोपी अभिषेक सहित करीब आधा दर्जन नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। परिवार ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस हत्याकांड के बाद इंद्रपुरी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

ज्वेलरी के कारोबार के साथ-साथ ब्याज पर पैसा लगाता है !

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू की एक ज्वेलरी दुकान भी है। बताया जा रहा है कि वह ज्वेलरी के कारोबार के साथ-साथ ब्याज पर पैसा लगाने का काम भी करता है। आरोप है कि वह लोगों को जरूरत के समय मोटी रकम ब्याज पर देता है और बाद में मूलधन तथा ब्याज की रकम बढ़ाकर वसूली करता है। वसूली के दौरान दबंगई दिखाने और अपने साथ कई युवकों को लेकर पहुंचने की भी चर्चा है।सूत्रों का दावा है कि आरोपी ने अपने आसपास युवकों का एक समूह बना रखा है, जिसके साथ वह कथित तौर पर पैसे की वसूली के लिए पहुंचता है।इंद्रपुरी हत्याकांड में मृतक के परिजनों ने जो कहानी बताई है, वह सूदखोरी के कथित खेल की गंभीर तस्वीर पेश करती है।

ज्वेलरी कारोबार की आड़ में सूदखोरी का नेटवर्क? पुलिस जांच से खुल सकते हैं कई राज

इस हत्याकांड के बाद अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या आरोपी वास्तव में ज्वेलरी कारोबार के साथ बड़े पैमाने पर ब्याज पर पैसा लगाने का काम करता था? क्या उसके पास ऐसे लोगों की सूची है, जिन्हें उसने मोटे ब्याज पर रकम दी थी? क्या वसूली के लिए युवकों का कोई संगठित समूह काम करता था? क्या दूसरे लोगों के साथ भी इसी तरह का दबाव और धमकी का मामला सामने आया है?इन सवालों का जवाब पुलिस की विस्तृत जांच से ही सामने आ सकता है। यदि आरोपी के कथित वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, चेक, दस्तावेजों और संपर्कों की जांच की जाती है तो इस पूरे नेटवर्क की वास्तविकता स्पष्ट हो सकती है।

एक तरफ 17 लाख रुपये के कथित कर्ज और ब्याज का विवाद था, तो दूसरी तरफ उसी विवाद में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया। पांच साल की बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया और गर्भवती पत्नी के सामने जिंदगी का सबसे बड़ा संकट खड़ा हो गया। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।इधर पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।पुलिस की ताबड़तोड़ कारवाई जारी है।

 

 

 

 

 

error: Content is protected !!