राँची: सुनसान अर्धनिर्मित मकान में मिला युवक का सड़ा-गला शव, धड़ से अलग था सिर; 15-20 दिन पुराना होने की आशंका

 

–शव मिलने से इलाके में सनसनी, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, फोरेंसिक टीम ने भी की जांच

राँची।राजधानी राँची में एक सुनसान अर्धनिर्मित मकान से युवक का बेहद सड़ा-गला शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो चुका था। मकान के अंदर जमीन पर पड़े शव को देखकर स्थानीय लोगों के होश उड़ गए। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब 15 से 20 दिन पुराना हो सकता है। हालांकि युवक की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटना नामकुम थाना क्षेत्र के तेतरी टोली स्थित डिवाइन नगर की है। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद कुछ लोग सुनसान इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक अर्धनिर्मित मकान की ओर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर स्थानीय लोगों ने मकान के अंदर जाकर देखा तो वहां एक युवक का शव पड़ा हुआ था। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और उसका सिर धड़ से अलग था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिस अधिकारियों को भी मामले की गंभीरता का अंदाजा हुआ। अर्धनिर्मित मकान चारों तरफ से घास और झाड़ियों से घिरा हुआ था। सुनसान जगह होने के कारण वहां लोगों की आवाजाही भी कम थी। इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि शव कई दिनों तक मकान के अंदर पड़ा रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय प्रथम और नामकुम थाना प्रभारी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद फोरेंसिक जांच दल को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच की, लेकिन शव अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण नमूना लेने में परेशानी बताई गई। जांच दल के अनुसार शव की स्थिति नमूना संग्रह के अनुकूल नहीं थी। यहां तक कि मृतक के पहने हुए कपड़ों से भी नमूना लेना संभव नहीं हो पाया।किसी तरह नमूना एकत्र किया गया।

हत्या या फांसी से मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

डीएसपी ने बताया कि युवक का सिर धड़ से अलग होने के पीछे क्या वजह है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि फांसी लगाने के कारण भी शव का धड़ सिर से अलग हो सकता है, लेकिन हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सबसे बड़ी चुनौती फिलहाल मृतक की पहचान करना है। युवक कौन था, कहां का रहने वाला था और इस सुनसान मकान तक कैसे पहुंचा, इन सवालों का जवाब पुलिस तलाश रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल तेतरी टोली के इस अर्धनिर्मित मकान में मिले शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 15-20 दिन तक शव का वहां पड़े रहना और किसी को इसकी जानकारी नहीं होना भी जांच का विषय है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही इस रहस्यमयी मौत की पूरी कहानी सामने आ सकेगी।

error: Content is protected !!