चार महीने पुरानी रंजिश का गोपाल मैदान में निकला गुस्सा! पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा की चप्पल और लात-घूंसों से पिटाई, मासकॉम छात्रा हिरासत में..

 

जमशेदपुर। झारखण्ड आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे पूर्व विधायक एवं आजसू के संस्थापक सूर्य सिंह बेसरा मंगलवार रात को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मारपीट के शिकार हो गए। टाटा स्टील की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में पहुंचे सूर्य सिंह बेसरा पर एक युवती ने अपनी मां और बहनों के साथ मिलकर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनके साथ हाथ, चप्पल और लात-घूंसों से मारपीट की गई। अचानक हुए इस हमले से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में घायल पूर्व विधायक को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे करीब चार महीने पुराना विवाद सामने आ रहा है। पुलिस ने हमला करने वाली युवती की पहचान करनडीह निवासी किरण मांझी के रूप में की है, जो मास कम्युनिकेशन की छात्रा बताई जा रही है।

मंच के पास पहुंचते ही शुरू हुआ हंगामा

मिली जानकारी के अनुसार, गोपाल मैदान में मंगलवार को टाटा स्टील की ओर से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आदिवासी समाज के प्रतिनिधि, कलाकार और बुद्धिजीवी शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा भी अपने साथियों के साथ पहुंचे थे।बताया जाता है कि जैसे ही सूर्य सिंह बेसरा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, वहां मौजूद किरण मांझी और उसके परिजनों के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि युवती ने अपनी मां और बहनों के साथ मिलकर पूर्व विधायक पर हमला कर दिया। उनके साथ हाथ और चप्पल से मारपीट की गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कार्यक्रम में मौजूद लोग सकते में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति संभाली।

चार महीने पहले नागपुर में शुरू हुआ था विवाद!

इस घटना की सबसे अहम कड़ी करीब चार महीने पुराना विवाद बताया जा रहा है।जानकारी के नागपुर में संताली सिनेमा और कला अकादमी से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान किरण मांझी और सूर्य सिंह बेसरा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी घटना के बाद से युवती पूर्व विधायक से नाराज बताई जा रही थी।

एक अन्य विवाद सामने आया है ।बताया जा रहा है कि नागपुर में संथाली फिल्म की शूटिंग और अभिनेत्री की भूमिका दिलाने के नाम पर युवती को वहां ले जाने से जुड़े आरोपों से भी जोड़ा गया है। आरोप है कि इसी दौरान युवती के साथ छेड़छाड़ हुई थी। हालांकि, इस पुराने घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच में ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नागपुर में वास्तव में क्या हुआ था और मौजूदा घटना से उसका क्या संबंध है।

सीने के नीचे चोट, TMH में चल रहा इलाज

मारपीट के दौरान सूर्य सिंह बेसरा को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, उनके सीने के नीचे चोट लगी है। अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है।

घटना के वक्त उनके साथ मौजूद घाटशिला के पूर्व पार्षद अर्जुन पूर्ति और पूर्व छात्र नेता हरिराम टुडू ने सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह की मारपीट की निंदा की। उनका कहना था कि यदि किसी को पूर्व विधायक से कोई शिकायत थी, तो बातचीत और सामाजिक स्तर पर उसका समाधान निकाला जा सकता था। इस तरह सार्वजनिक मंच पर मारपीट करना उचित नहीं है।

करनडीह की किरण मांझी हिरासत में, थाने में घंटों चला घटनाक्रम

घटना के बाद बिष्टुपुर पुलिस ने किरण मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच थाने में बातचीत और समझौते की कोशिश होने की भी खबर है। बताया जाता है कि करीब तीन घंटे तक बातचीत चलने और लिखित शिकायत नहीं दिए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं, दूसरी ओर दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता होने का दावा किया गया है। इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

वायरल वीडियो के बाद शहर में चर्चा

पूर्व विधायक के साथ मारपीट की घटना के बाद इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। संवाद और सामाजिक समरसता के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल नागपुर में हुए कथित पुराने विवाद और गोपाल मैदान में हुई मारपीट के बीच संबंध को लेकर है। युवती की ओर से लगाए गए आरोप और पूर्व विधायक के साथ हुई मारपीट, दोनों पहलुओं की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।

 

error: Content is protected !!