छठ और पर्यटन सीजन को लेकर लातेहार पुलिस अलर्ट, SP ने अधिकारियों को दिया सुरक्षा का सख्त टास्क
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार एसपी कुमार गौरव की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।इस बैठक के दौरान मुख्य रूप से पुलिस अधिकारियों को दर्ज मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने और लंबे समय से लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का कड़ा निर्देश दिया गया।इसके साथ जिले में अपराध पर लगाम कसने के लिए अपराधियों और वांछित अभियुक्तों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
छठ महापर्व की तैयारी, सुरक्षा के दिशा निर्देश:
आगामी लोक आस्था के महापर्व ‘छठ’ को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। घाटों पर जुटने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए।जिले में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, उनकी सुविधा और सहायता के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस महत्वपूर्ण बैठक में लातेहार जिले के सभी एसडीपीओ, सीआई, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

