नोवामुंडी में दो दिन में दो भारी वाहन आग के हवाले! पहले टेलर, अब हाइवा का केबिन जलकर राख; आधी रात की घटनाओं से मचा हड़कंप

 

चाईबासा।नोवामुंडी में इन दिनों भारी वाहनों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। दीपावली की रात कोटगढ़ ढाबा के समीप खड़े टेलर में भीषण आग लगने के बाद अब सोमवार की आधी रात सेंट मेरी स्कूल के पास खड़ी एक हाइवा आग की चपेट में आ गई। लगातार दो दिनों में दो भारी वाहनों में आग लगने की घटनाओं से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। दूसरी घटना में हाइवा का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत रही कि आग की लपटें आसपास खड़े अन्य वाहनों और स्कूल की इमारत तक नहीं पहुंचीं।

जानकारी के अनुसार, कुम्हार टोली निवासी बीरेंद्र पासवान की हाइवा पिछले करीब 10 से 15 दिनों से सेंट मेरी स्कूल के समीप खड़ी थी। सोमवार देर रात करीब दो बजे स्थानीय लोगों ने वाहन मालिक को फोन कर हाइवा में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वाहन मालिक मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आग ने हाइवा के केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में केबिन बुरी तरह जल गया।

घटना की सूचना मिलने पर नोवामुंडी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने टाटा स्टील प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटनास्थल के आसपास कई अन्य भारी वाहन खड़े थे। वहीं, ठीक सामने सेंट मेरी स्कूल की इमारत भी मौजूद है। ऐसे में यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो लपटें दूसरे वाहनों तक पहुंच सकती थीं और बड़ा हादसा हो सकता था। समय पर दमकल पहुंचने से आग को फैलने से रोक लिया गया। हाइवा का अगला टायर भी जलने से बच गया।

 

इस घटना के बाद वाहन से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई है। हाइवा मालिक के बेटे के मुताबिक, दो दिन पहले चोरों ने वाहन से टर्मिनेटर चोरी कर लिया था। वहीं, वाहन मालिक ने बताया कि हाइवा की बैटरी पहले ही खोलकर सुरक्षित रख दी गई थी। ऐसे में बैटरी से शॉर्ट सर्किट होने की आशंका नहीं जताई जा रही है।

प्रारंभिक तौर पर पटाखे से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आग लगने के वास्तविक कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।

पहले टेलर, अब हाइवा; आखिर कौन है जिम्मेदार?

गौरतलब है कि दीपावली की रात कोटगढ़ ढाबा के समीप खड़े एक टेलर में भी भीषण आग लग गई थी। अब सेंट मेरी स्कूल के पास हाइवा का केबिन जलने की घटना सामने आई है। दो दिनों के भीतर दो भारी वाहनों में आग लगने से वाहन मालिकों की चिंता बढ़ गई है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने नोवामुंडी में भारी वाहनों की पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पार्किंग स्थलों पर निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है? क्या वाहनों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है? फिलहाल दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह के आपसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

error: Content is protected !!