राँची में इंसानियत शर्मसार…10 साल की बच्ची को मुंहबोला चाचा बहाने से ले गया जंगल, दुष्कर्म का आरोप,पिता की शिकायत पर आरोपी की तलाश में छापेमारी
राँची।राजधानी राँची के तमाड़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। यहां 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप उसके ही परिवार के परिचित और मुंहबोले चाचा पर लगा है। आरोप है कि आरोपी चावल पहुंचाने के बहाने बच्ची के पिता से स्कूटी मांगकर ले गया और बच्ची को भी अपने साथ बैठाकर जंगल की ओर चला गया। वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे वापस घर छोड़ दिया। घर लौटने पर पिता के सवाल पूछने से पूरी घटना सामने आई। बच्ची की आपबीती सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी का बच्ची के परिवार से परिचय था और उसका घर पर आना-जाना भी था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी बच्ची के पिता के पास पहुंचा। उसने चावल पहुंचाने की बात कहते हुए स्कूटी मांगी। इसके बाद वह बच्ची को भी स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी बच्ची को जंगल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
कपड़ों की हालत देखकर पिता ने पूछा सवाल, रोते हुए बच्ची ने बताई आपबीती
कथित घटना के बाद आरोपी बच्ची को स्कूटी से वापस घर पहुंचा गया। घर लौटने पर बच्ची के कपड़ों पर गंदगी देखकर पिता को संदेह हुआ। उन्होंने बच्ची से पूछा कि क्या वह स्कूटी से कहीं गिर गई थी? पिता का सवाल सुनते ही बच्ची रोने लगी और अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। मासूम की बात सुनकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।
पकड़ने दौड़े परिजन तो स्कूटी छोड़कर फरार हुआ आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी स्कूटी खड़ी कर मौके से भाग निकला। बच्ची के पिता ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। इसके बाद माता-पिता बच्ची को लेकर तमाड़ थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कई जगह छापेमारी, आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए तमाड़ थाना की पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि सोमवार को पुलिस को घटना की सूचना मिली है। पीड़िता के पिता की ओर से लिखित आवेदन भी प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश कर रही है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
10 साल की बच्ची से जुड़ी इस घटना ने इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता आरोपी को गिरफ्तार करना और मामले के सभी पहलुओं की जांच करना है।

