पलामू में लक्ष्मी पूजा के दौरान रणक्षेत्र बना गांव, दो गुटों की भिड़ंत के बाद पुलिस पर पथराव; चार जवान घायल, बचाव में चार राउंड हवाई फायरिंग…

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में लक्ष्मी पूजा के दौरान सोमवार की रात जमकर बवाल हुआ। रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा में दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हालात संभालने पहुंची पुलिस खुद उपद्रवियों के निशाने पर आ गई। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेरकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव में चार पुलिस जवान जख्मी हो गए, जबकि पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। बिगड़ते हालात और अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस को करीब चार राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते भिड़ गए दो गुट

जानकारी के अनुसार, रकसाहा गांव में सोमवार की रात लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे बजाने समेत अन्य कारणों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना मिलने पर रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास कर रहे थे।

समझाने पहुंची पुलिस को ही भीड़ ने घेरा, ईंट-पत्थरों से हमला

पुलिस जब दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव कर रही थी, तभी स्थिति अचानक बेकाबू हो गई। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस दौरान चार जवान घायल हो गए। पथराव में पुलिस की एक गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा।

बचाव में पुलिस ने की चार राउंड हवाई फायरिंग

भीड़ के हमलावर होने और हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब चार राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। घटना में कुछ ग्रामीणों को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है, हालांकि घायल ग्रामीणों की पहचान और उनकी संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है।

गंभीर धाराओं में प्राथमिकी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो गुटों के बीच झड़प की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। बीच-बचाव के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें चार जवान घायल हुए हैं। पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है। इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत रेहला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

विसर्जन के साथ शांत हुआ मामला, इलाके पर पुलिस की नजर

घटना के बाद फिलहाल इलाके में शांति है। मामला शांत होने के बाद लोगों ने लक्ष्मी पूजा की प्रतिमा का विसर्जन किया। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावित तनाव या दोबारा विवाद की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है। पूजा के दौरान शुरू हुआ विवाद पुलिस पर पथराव और फायरिंग तक पहुंचने से गांव में देर रात तक घटना की चर्चा होती रही।

error: Content is protected !!