राँची में चोरों का सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल गिरफ्तार, 15 लाख की चोरी का खुलासा, ज्वेलर्स से बरामद हुआ 212 ग्राम सोना और 18 किलो चांदी…
राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन बनी पुलिस टीम ने गिरोह के सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल उर्फ अहमद राजा उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के निशानदेही पर लोवाडीह स्थित एक ज्वेलरी दुकान से भारी मात्रा में सोना-चांदी बरामद किया गया है। मामले में ज्वेलर्स संचालक कृष्णा कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
बता दें 27 मई 2026 को केतारी बगान, नामकुम स्थित दीपक कुमार उर्फ पिंटू के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, महंगी घड़ी और 30 हजार रुपये नकद उड़ा लिए थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस पर दबाव बढ़ गया था।
इधर,जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी शेख अफरोज को दबोच लिया। उसके पास से 1 लाख रुपये नकद, एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा गोलियां, मोबाइल फोन और घड़ी बरामद हुई।पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह 6-7 अपराधियों का गिरोह चलाता है, जो बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के जेवर लोवाडीह स्थित महारानी ज्वेलर्स में कम कीमत पर बेचे जाते थे। इसी मामले में चोरी के गहनों को करीब 6 लाख रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने छापेमारी कर दुकान से 212 ग्राम सोना और 18 किलो चांदी बरामद की और दुकान संचालक कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार शेख अफरोज एक आदतन और कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ राँची के सदर, लोअर बाजार, रेल और नामकुम थाना सहित विभिन्न थानों में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से बरामद:
212 ग्राम सोने के जेवर
18 किलो चांदी के जेवर
₹1 लाख नकद
1 देशी पिस्तौल
3 जिंदा कारतूस
1 महंगी घड़ी
1 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
ग्रामीण एसपी का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही ज्वेलरी कारोबारी के पुराने रिकॉर्ड और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।पूरी कार्रवाई में मुख्यालय वन डीएसपी,नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण सिंह, पु०अ०नि०, शशि रंजन,जयेदव कुमार सराक,सोनू कुमार दास,स०अ०नि०, उज्जवल कुमार सिंह ल,सत्येन्द्र सिंह, तारकेश्वर प्रसाद केसरी और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

