जिम में महिला से बदसलूकी और जानलेवा हमला….महिला थाने ने नहीं सुनी फरियाद, अब SP के आदेश पर SC-ST एक्ट में FIR दर्ज…
बोकारो में सनसनी: जिम के अंदर महिला से ‘दरिंदगी’ की कोशिश, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास, जातिसूचक गालियां देकर पीटा!
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में स्टील सिटी बोकारो से एक बेहद ही चौंकाने वारदात सामने आई है। यहाँ के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में स्थित एक जिम के अंदर एक महिला के साथ न सिर्फ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया गया, बल्कि विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया और जातिसूचक शब्द कहकर सरेआम अपमानित किया गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, यह घटना 13 जून की सुबह करीब 10 बजे का है। महिला किसी काम से जिम में गई हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान जिम संचालक और उसके कुछ साथियों की नीयत डोल गई। उन्होंने महिला को अकेली पाकर उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने गलत नीयत से महिला को दबोच लिया और जबरन बाथरूम की तरफ घसीटने की कोशिश करने लगे।जब पीड़िता ने अपनी आबरू बचाने के लिए शोर मचाया और आरोपियों का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी हैवानियत पर उतारू हो गए। उन्होंने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप यहाँ तक है कि आरोपियों ने महिला का गला दबाकर उसे जान से मारने की भी कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए महिला को जातिसूचक शब्द कहे और बुरी तरह अपमानित किया। गनीमत रही कि महिला की चीख-पुकार सुनकर वहाँ मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव के लिए आ गए, जिसके बाद महिला किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर भाग सकी।
इस वारदात के बाद से पीड़िता और उसका पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों द्वारा उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।यही नहीं, इस मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पीड़िता का कहना है कि महिला थाने ने उसका इलाज तो करवा दिया, लेकिन मामला दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया।न्याय के लिए भटकती पीड़िता ने हार मानकर सीधे एसपी की चौखट पर दस्तक दी।एसपी से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपने के बाद ही पुलिस महकमा हरकत में आया।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई की गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए सिटी डीएसपी ने बताया कि महिला ने जिम ट्रेनर और उसके साथियों पर अभद्र व्यवहार, गलत नीयत से हमला करने, मारपीट और जातिसूचक शब्द इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। इस शिकायत के आधार पर एससी-एसटी (SC-ST) थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरी मुस्तैदी से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शिकंजा कसा जा रहा है।।

