सरायकेला में पूजा पंडाल के पास चली गोली, दोस्त के साथ निकले युवक की गोली मारकर हत्या; जुए के विवाद में दोस्त पर गोली मारने का आरोप
सरायकेला।सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सातबोहनी जुलुमटांड़ में पूजा पंडाल के समीप एक 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने का आरोप मृतक के ही दोस्त पर लग रहा है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जुआ खेलने के दौरान विवाद, फिर चली गोली!
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के आसपास जुआ खेलने की बात सामने आई है। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। आशंका जताई जा रही है कि विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और इसी क्रम में गोली चल गई। गोली सोनू कुमार को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। हालांकि, विवाद की असली वजह और गोली चलने की पूरी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।
दोस्त के साथ जा रहा था सोनू, हथियार से चली गोली
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के अनुसार, सोनू अपने एक दोस्त के साथ कहीं जा रहा था। उसके पास हथियार था, जिससे गोली चली। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। घटना के बाद वह फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के घर पर भी दबिश दी है।
पूजा पंडाल के पास हत्या से इलाके में सनसनी
पूजा पंडाल के समीप हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। जिस इलाके में पूजा की तैयारियों और धार्मिक गतिविधियों का माहौल होना चाहिए था, वहां गोलीबारी और हत्या की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है।फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर दोस्ती के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसने एक युवक की जान ले ली। जुआ खेलने के दौरान विवाद की आशंका और हथियार से गोली चलने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

