Jharkhand: दुष्कर्म की घटनाओं पर राज्यपाल ने जताई चिंता, डीजीपी को कार्रवाई का निर्देश।

राँची।राज्य में दुष्कर्म की घटना को लेकर डीजीपी राजभवन तलब की गई।राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राज्य में हो रही दुष्कर्म की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोमवार को प्रभारी डीजीपी एमवी राव को राजभवन बुलाकर राज्य की विधि व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में इस प्रकार का भयमुक्त वातावरण हो कि सभी लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने हाल ही दुमका तथा खूंटी में हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में अबतक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए घटना में शामिल सभी लोगों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का आदेश दिया। साथ ही ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस महानिदेशक ने राज्यपाल को बताया कि दुमका मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। खूंटी में भी नाबालिग के साथ दुष्कर्म करनेवालों की गिरफ्तारी में पुलिस ने सफलता हासिल की है। सभी को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सजा दिलाने की कोशिश होगी। इसपर राज्यपाल ने ऐसे सभी मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

बता दें कि पिछले दिनों पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर के नेतृत्व में महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मिलकर दुमका में पांच बच्चों की मां के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना की जानकारी देते हुए इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। इसपर राज्यपाल ने पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया था।