पलामू में खूनी वारदात से सनसनी, धारदार हथियार से काटकर व्यक्ति की हत्या; वारदात के बाद पत्नी घर से फरार, दो बेटे भी थे मौजूद

 

पलामू। जिले के पांकी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां ढूब गांव में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की घटना के बाद से मृतक की पत्नी घर से लापता है। इसको लेकर पूरे मामले में संदेह गहराने लगा है। हालांकि, हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।

मृतक की पहचान ढूब गांव निवासी गुणी भुइयां के रूप में हुई है। वह खेतीबारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जाता है कि सोमवार की रात 12 बजे के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि गुणी भुइयां की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पांकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया। पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कराया जाएगा।

घर में मौजूद थे दो बेटे, पत्नी के लापता होने से बढ़ा शक

इस हत्याकांड ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के वक्त मृतक के दोनों बेटे घर में ही मौजूद थे। इनमें से एक बेटे की शादी भी हो चुकी है। वहीं, वारदात के बाद मृतक की पत्नी का घर से गायब होना पुलिस के लिए जांच का अहम बिंदु बन गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि इस वारदात के पीछे परिवार का ही कोई करीबी हो सकता है। हालांकि, पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

परिवार से पूछताछ के बाद खुलेगा हत्या का राज!

पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक की पत्नी फिलहाल लापता है। परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जाएगी। हत्या घर के किसी सदस्य ने की है या इसमें किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

घटनास्थल पांकी थाना से करीब 25 किलोमीटर दूर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन थाने पहुंचे। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि गुणी भुइयां की हत्या किसने की और वारदात के बाद उसकी पत्नी कहां चली गई? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएंगे।

error: Content is protected !!