धनबाद के कतरास में रातोंरात उजड़ गया परिवार… बंद कमरे में दम घुटने से युवक की मौत, पत्नी और छह माह की बच्ची बेहोश मिली
धनबाद।धनबाद के कतरास में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भंडारीडीह स्थित किराये के मकान में सोमवार की सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्य अचेत अवस्था में मिले। कमरे के अंदर का मंजर देखकर पड़ोसियों और पुलिस के होश उड़ गए। पति, पत्नी और महज पांच-छह महीने की मासूम बच्ची बेसुध पड़े थे। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 24 वर्षीय मोहम्मद गुलाम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी 20 वर्षीय पत्नी अष्टमी कुमारी और मासूम बच्ची का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में कमरे के अंदर जल रहे कोयले के चूल्हे से निकली जहरीली गैस को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। आशंका है कि बंद कमरे में गैस भरने के कारण तीनों बेहोश हो गए। हालांकि, युवक की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रात में खटखटाया दरवाजा, सुबह भी नहीं मिली कोई आवाज
घटना की कहानी बेहद दर्दनाक है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी पूजा के बाद दंपती ने भोजन किया और अपनी मासूम बच्ची के साथ कमरे में सोने चले गए। रात करीब 11:30 बजे पत्नी के मायके छाताबाद पांच नंबर से उनकी नानी रेखा देवी भंडारीडीह पहुंचीं। उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
काफी देर तक कोशिश करने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद रेखा देवी रात में मकान के बाहर ही सो गईं। सोमवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने एक बार फिर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। इस बार भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका से उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग जुट गए।
दरवाजा तोड़ा तो अंदर अचेत पड़े थे तीनों
पड़ोसियों की सूचना पर कतरास पुलिस मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर पति, पत्नी और मासूम बच्ची अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल कतरास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मोहम्मद गुलाम को मृत घोषित कर दिया। पत्नी अष्टमी कुमारी और बच्ची का उपचार जारी है। पत्नी की हालत बेहोशी की बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में मातम पसरा हुआ है।
कमरे में जल रहा था कोयले का चूल्हा, गैस बनी मौत की वजह?
मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि कमरे के अंदर कोयले का चूल्हा जल रहा था। रेखा देवी के अनुसार, कमरे में चूल्हा मौजूद था। पुलिस भी शुरुआती जांच में इसी पहलू को महत्वपूर्ण मानकर चल रही है। आशंका है कि बंद कमरे में कोयले के चूल्हे से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस फैल गई और इसकी चपेट में आने से परिवार के तीनों सदस्य बेहोश हो गए।
हालांकि, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
डेढ़ साल पहले की थी प्रेम विवाह, छह महीने की बच्ची हुई अनाथ
बताया जाता है कि मोहम्मद गुलाम और अष्टमी कुमारी ने करीब डेढ़ साल पहले अपनी मर्जी से शादी की थी। दोनों की पांच-छह महीने की एक मासूम बच्ची है। इस दर्दनाक घटना ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। पिता की मौत हो चुकी है और मां अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। मासूम बच्ची भी उपचाराधीन है।
कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि कमरे के अंदर कोयले का चूल्हा मिला है। प्रथम दृष्टया गैस के प्रभाव से घटना होने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

