राँची में बेखौफ बाइकर्स गैंग का आतंक, फल खरीद रही महिला के गले से चेन झपटकर फरार, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

 

राँची। राजधानी राँची में चेन छिनतई करने वाले अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अब अपराधियों के निशाने पर बाजार में खरीदारी करने निकली महिलाएं भी हैं। ताजा मामला नामकुम थाना क्षेत्र के लोवाडीह डीह का है, जहां फल खरीद रही एक महिला को बाइक सवार दो अपराधियों ने अपना निशाना बना लिया। अपराधियों ने अचानक महिला के गले से सोने की चेन झपटी और पलक झपकते ही बाइक से फरार हो गए। छिनतई की यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

फल खरीदने में व्यस्त थी महिला, तभी पहुंच गए बाइक सवार अपराधी

जानकारी के अनुसार, लोवाडीह डीह इलाके में महिला सड़क किनारे फल खरीद रही थी। वह अपने काम में व्यस्त थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। दोनों ने मौका देखकर महिला के गले से चेन झपट ली। अचानक हुई इस घटना से महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही अपराधी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी हुई, तब तक दोनों अपराधी काफी दूर निकल चुके थे।

CCTV फुटेज में कैद हुई करतूत

इस घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि अपराधियों की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के आधार पर दोनों अपराधियों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती है। अब यह देखना होगा कि सीसीटीवी में कैद तस्वीरों के जरिए पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंच पाती है।

 

दिनदहाड़े हुई इस छिनतई की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह अपराधियों का बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना आम लोगों के लिए चिंता का विषय है। खासकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।फिलहाल दोनों अज्ञात अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। सीसीटीवी फुटेज इस मामले में अहम सुराग साबित हो सकता है।

error: Content is protected !!