सिमडेगा:बोलेरो-बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत; बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत, पुल पर मची अफरा-तफरी
सिमडेगा। झारखण्ड के सिमडेगा जिले में शनिवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के लचरागढ़ स्थित देवनदी पुल पर बोलेरो और बाइक के बीच ऐसी जोरदार टक्कर हुई कि बाइक सवार तीनों युवकों की जान चली गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दो युवक सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि तीसरा युवक पुल से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे एक बोलेरो बानो से लचरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से तीन युवकों को लेकर आ रही बाइक देवनदी पुल पर पहुंची। इसी बीच दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक संभल भी नहीं सके। दो युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि एक युवक पुल से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने तीनों की मौके पर ही मौत होने की बात कही है।
इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीन युवकों में एक की पहचान सिजांग निवासी दयानंद सिंह के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य युवकों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। एक ही बाइक पर तीन युवकों के सवार होने और किसी के भी हेलमेट नहीं पहनने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही बानो थाना और कोलेबिरा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात दोनों युवकों की पहचान करने के साथ हादसे के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है।
देवनदी पुल पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिस पुल से लोग रोजाना अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं, वही पुल शनिवार शाम तीन युवकों के लिए मौत का रास्ता बन गया। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।
यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। खासकर दोपहिया वाहन पर तीन लोगों का सवार होना और हेलमेट नहीं पहनना जानलेवा साबित हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

