राँची में कॉल सेंटर कर्मी की संदिग्ध मौत, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

–महिला मित्र से आखिरी बातचीत, दोस्त को चिकन लाने की कही थी बात; परिजनों ने आत्महत्या की थ्योरी पर उठाए सवाल, हत्या की आशंका जताकर की निष्पक्ष जांच की मांग

राँची। राजधानी राँची के डोरंडा थाना क्षेत्र में एक कॉल सेंटर कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। दर्जी मोहल्ला रोड नंबर-2 स्थित किराए के मकान के कमरे में युवक का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान माइकल राज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चतरा का रहने वाला था और राँची में एक कॉल सेंटर में काम करता था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और युवक फंदे पर लटका हुआ था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनाक्रम में सामने आई कुछ बातें कई सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत तमाम पहलुओं पर जांच कर रही है, वहीं परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

दोस्त से कहा था- लौटते समय चिकन लेते आना, फिर कमरे में मिला शव

डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह के अनुसार, माइकल राज अपने एक सहकर्मी के साथ दर्जी मोहल्ला में किराए के मकान में रहता था। गुरुवार की रात उसका दोस्त काम पर जाने लगा तो माइकल कमरे में ही था। उसने अपने दोस्त से कहा था कि जब वह काम से लौटे तो चिकन लेते आए। इसके बाद दोस्त कॉल सेंटर चला गया।

रात करीब 12 बजे जब दोस्त वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने काफी आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। माइकल का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ था। दोस्त ने तत्काल मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। मकान मालिक ने डोरंडा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुई।

महिला मित्र से आखिरी बातचीत, मौत से पहले क्या हुआ था?

इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि माइकल ने आखिरी बार एक महिला मित्र से बातचीत की थी। बताया जा रहा है कि उसी महिला मित्र ने माइकल के दोस्त को किसी अनहोनी की आशंका से जुड़ी जानकारी दी थी। इसके बाद दोस्त कमरे पहुंचा और माइकल को फंदे से लटका पाया।

अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि माइकल की महिला मित्र से आखिर क्या बातचीत हुई थी? बातचीत के दौरान ऐसी क्या बात हुई, जिसके बाद यह दुखद घटना सामने आई? क्या दोनों के बीच किसी तरह का प्रेम प्रसंग या विवाद था? क्या किसी बात को लेकर माइकल मानसिक तनाव में था? पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक प्रेम प्रसंग को मौत की वजह साबित करने वाली कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना के बाद एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे की बारीकी से जांच की। टीम ने घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण चीजें जब्त कर अपने साथ ले गई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। कमरे की परिस्थितियों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मृतक की आखिरी बातचीत की भी जांच की जा रही है।

परिजनों ने उठाए सवाल, बोले- माइकल आत्महत्या क्यों करेगा?

इधर, माइकल की मौत की खबर मिलते ही चतरा से उसके परिजन राँची पहुंचे। परिजनों ने घटना को आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि माइकल की ऐसी कोई परिस्थिति नहीं थी कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठाता। उन्हें आशंका है कि उसके साथ कोई अनहोनी हुई है और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी हो सकती है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करने की मांग की है।

मृतक के बहनोई मुकेश कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात करीब दो बजे उन्हें माइकल की मौत की सूचना मिली। खबर मिलते ही वे भागे-भागे राँची पहुंचे। मुकेश कुमार का कहना है कि माइकल की जिंदगी में ऐसी कोई परेशानी नहीं थी, जिसके कारण वह आत्महत्या करता। ऐसे में उसकी मौत को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है।

 

error: Content is protected !!