धनबाद में कोयले के ढेर से निकला मजदूर का शव, मालगाड़ी में लोड होने से पहले खुला राज; हत्या कर साक्ष्य मिटाने का आरोप

धनबाद। कोयला कारोबार से जुड़ी एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने बीसीसीएल के ब्लॉक-दो क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। बेनीडीह केकेसी मेन साइडिंग में शुक्रवार को कोयले के ढेर के साथ एक मजदूर का शव पहुंचा दिया गया। कोयले की मालगाड़ी में लोडिंग की तैयारी चल रही थी, तभी मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कोयले के ढेर में शव देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के विरोध के बाद रैक लोडिंग का काम रोकना पड़ा। मृतक की पहचान विस्थापित बड़ा पांडेयडीह निवासी सुनील रवानी (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

पेलोडर की चपेट में आया मजदूर, फिर शव को लेकर उठे सवाल

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अहले सुबह सुनील अपने एक साथी के साथ नदखुरकी फीडर ब्रेकर के पास गया था। इसी दौरान वहां काम कर रहे पेलोडर की चपेट में आने से वह दब गया। आरोप है कि हादसे के बाद पेलोडर ऑपरेटर ने इसकी सूचना देने और घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाने के बजाय शव को कोयले के साथ डंपर में लोड कर दिया।

बताया जाता है कि कोयला ढुलाई का काम आउटसोर्सिंग कंपनी संजय उद्योग करती है। इसी कंपनी के डंपर से कोयले के साथ शव को बेनीडीह केकेसी मेन साइडिंग पहुंचाया गया। हालांकि, घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंच गई और उन्होंने समय रहते साइडिंग पहुंचकर पूरे मामले को उजागर कर दिया।

मालगाड़ी में कोयले के साथ चला जाता शव!

साइडिंग में कोयला डंप किए जाने के बाद उसे मालगाड़ी के रैक में लोड करने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। कोयले के ढेर में सुनील का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।ग्रामीणों के हस्तक्षेप के कारण रैक लोडिंग रोकनी पड़ी। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते परिजन और ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते तो शव भी कोयले के साथ मालगाड़ी में लोड होकर वहां से निकल सकता था।

हत्या कर साक्ष्य मिटाने का गंभीर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और बाघमारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के प्रबंधन और संबंधित कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि सुनील को पेलोडर से जानबूझकर धक्का मारकर उसकी हत्या की गई और घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कोयले के साथ डंपर में लाद दिया गया।

हालांकि, हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है कि हादसे के बाद इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को क्यों नहीं दी गई और शव को कोयले के साथ साइडिंग तक पहुंचाने की नौबत कैसे आई।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, मुआवजे की मांग

सुनील रवानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों के अनुसार, परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से सुनील के कंधों पर थी। बताया गया कि उसके छोटे बेटे को भी हाल ही में सिर में गंभीर चोट लगी है।

परिजन और ग्रामीण संजय उद्योग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है। यह पता लगाना जरूरी है कि पेलोडर की चपेट में आने के बाद सुनील के साथ क्या हुआ और आखिर किसके निर्देश पर शव को कोयले के साथ डंपर में लादकर साइडिंग पहुंचाया गया।

error: Content is protected !!