4-5 बाइकों के राइडर्स ग्रुप ने मचाया कहर….डोबो पुल पर भीषण भिड़ंत, 30 वर्षीय युवक की मौके पर मौत

 

सरायकेला। डोबो पुल पर रविवार की सुबह रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो रोड पर सुबह करीब सात बजे राइडर्स के समूह में शामिल एक बाइक और दूसरी मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 30 वर्षीय उज्ज्वल मंडल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार बंसीधर मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में राइडर्स समूह के एक अन्य बाइक सवार के भी घायल होने की सूचना है।

4-5 बाइकों के समूह से हुई टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी उज्ज्वल मंडल मोटरसाइकिल संख्या JH05BA7123 से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डोबो पुल के पास सामने से 4-5 बाइकों पर सवार होकर आ रहे राइडर्स के समूह में शामिल एक बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उज्ज्वल मंडल को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की चपेट में आया परिवार

बताया गया कि दुर्घटना के दौरान एक परिवार भी इसकी चपेट में आ गया। भूषण महतो के अनुसार,राइडर्स के समूह की बाइक की चपेट में उनका परिवार भी आया, हालांकि परिवार के सभी सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को मदद पहुंचाई गई।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

उज्ज्वल मंडल शादीशुदा थे और दो बच्चों के पिता थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में परिवार के भविष्य को लेकर सपने बुने जा रहे थे, वहां अब मातम पसरा है। दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों और इसमें शामिल बाइक सवारों की भूमिका की जांच की जा रही है।

डोबो रोड पर लगातार हो रहे हादसे, उठ रहे सवाल

डोबो रोड पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। कुछ दिन पहले इसी सड़क पर हुए अलग-अलग हादसों में लाया मुखी और सुभाष कर्मकार की भी जान जा चुकी है। अब एक और युवक की मौत ने तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर डोबो रोड पर कब थमेगा मौत का यह सिलसिला और कब रफ्तार पर लगाम लगेगी?

error: Content is protected !!