दीपावली पर घूसखोर इंजीनियर पर निगरानी का शिकंजा, पांच लाख घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार;फ्लैट से नकदी-जेवर बरामद

–मधुबनी में सड़क निर्माण के बकाये भुगतान के बदले मांगी जा रही थी 19.50 लाख रुपये की रिश्वत, निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर दबोचा; फ्लैट की तलाशी में 6.11 लाख नकद, सोना-चांदी और निवेश के दस्तावेज मिले

पटना/मधुबनी।दीपावली के दिन जहां लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी अधिकारी को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान रितेश चन्द्र सिन्हा के रूप में हुई है। वह मधुबनी जिले के पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल मधुबनी में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात थे। निगरानी ब्यूरो की टीम ने उन्हें पटना के आशियाना नगर स्थित रामनगरी इलाके में शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-303 से गिरफ्तार किया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 133/26, दिनांक 06.11.2026 दर्ज किया गया था। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने रविवार, 8 नवंबर 2026 को जाल बिछाया। जैसे ही कार्यपालक अभियंता ने पांच लाख रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। बताया गया है कि रिश्वत की रकम उनके हाथों से ली गई थी। निगरानी टीम ने डिकॉय ऑपरेशन के दौरान फ्लैट की खिड़की से सेट बाहर फेंके गए नोटों को भी बरामद कर लिया।

19.50 लाख रुपये की मांगी गई थी रिश्वत

इस पूरे मामले की शुरुआत मधुबनी में सड़क निर्माण कार्यों के भुगतान से जुड़ी शिकायत से हुई। परिवादी अरुण कुमार सिंह ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा की ओर से सड़क निर्माण कार्यों के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत के मुताबिक, मधुबनी राजनगर-बाबूबरही-खुटौना सड़क का करीब 1.2 किलोमीटर निर्माण कार्य चल रहा था। इसकी कुल निर्माण राशि 5 करोड़ 78 लाख 89 हजार 3 रुपये बताई गई है। वहीं स्टेडियम चौक, महाराजगंज चौक से सूड़ी हाई स्कूल भाया स्टेडियम चौक तक करीब 2.4 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य की राशि 13 करोड़ 48 लाख 7 हजार 249 रुपये बताई गई है।

शिकायत में कहा गया कि पहले सड़क निर्माण कार्य में 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था, जिसके एवज में 50 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था। दूसरे कार्य में भी 25 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था और इसके एवज में 1 करोड़ 41 लाख रुपये का भुगतान हुआ था। दोनों योजनाओं में करीब 6 करोड़ 50 लाख रुपये बकाया थे। आरोप है कि इसी बकाया राशि के तीन प्रतिशत के हिसाब से 19 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। तत्काल एडवांस के रूप में पांच लाख रुपये देने को कहा गया था।

सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल

निगरानी ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने के आरोप की पुष्टि होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पटना स्थित फ्लैट में छापेमारी की और कार्यपालक अभियंता को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

फ्लैट की तलाशी में नकदी, जेवर और संपत्ति के दस्तावेज बरामद

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आरोपी के पटना स्थित फ्लैट की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े सामान बरामद किए गए। इनमें 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, शेयर और एलआईसी में निवेश से संबंधित कागजात, सात बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, जमीन और प्लॉट के कागजात तथा लॉकर की चाबी एवं उससे जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, बरामद सोने-चांदी के आभूषणों का मूल्यांकन कराया जा रहा है। आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्ति एवं निवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

134 ट्रैप कांडों की जांच, 120 आरोपी गिरफ्तार

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक 133 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें एक कांड दूसरे जिले से स्थानांतरित होकर आया है। कुल 134 मामलों का अनुसंधान ब्यूरो की ओर से किया जा रहा है।

इनमें 121 ट्रैप कांड शामिल हैं, जो पिछले वर्षों के औसत से करीब 2.5 गुना अधिक हैं। अब तक इन मामलों में कुल 120 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। रिश्वत के रूप में कुल 45 लाख 60 हजार 400 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 37 हजार रुपये कीमत की एक नई वाशिंग मशीन भी बरामद की गई है।

वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे और रिश्वत की कुल बरामद राशि 37 लाख 80 हजार 300 रुपये थी।

फिलहाल गिरफ्तार कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें निगरानी के विशेष न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा। वहीं फ्लैट से मिले दस्तावेजों और संपत्ति के निवेश से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।

दीपावली के दिन हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो की सख्ती को सुर्खियों में ला दिया है।

error: Content is protected !!