गहने चमकाने के नाम पर पत्थर देकर,एक लाख के जेवरात लेकर दो ठग फरार

राँची।राजधानी राँची में घर में टाइल्स चमकाने का पाउडर बेचने के नाम पर पहुंचे, फिर कहा कि इससे गहने भी चमकते है। यह कह दो ठगों ने महिला को झांसे में लेकर उनका सोने का चेन, दो अंगूठी लेकर फरार हो गए। जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए थी। इस संबंध में कांटाटोली निवासी महजबी कौशर ने लोअर बाजार थाना में ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 17 दिसंबर को दिन के 11.30 बजे उनके फ्लैट पर दो लोग आए। दोनों ने कहा कि वे टाइल्स चमकाने वाला पाउडर बेचते है। फिर दोनों ने कहा कि इस पाउडर से सोने के गहने भी चमक जाते है। यह कर दोनों ने महिला महजबीं से उनके सोने का चेन और दो सोने की अंगूठी ले ली और पाउडर के पानी में डाल दिया। जब महजबी डरने लगी तो उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। यह देखे दोनों ने उनके गहने निकाल एक पैकेट में डाल उन्हें दिया और वहां से बाइक से भाग निकले। जैसे ही महजबी ने पैकेट से गहने निकालने की कोशिश की तो उन्हें गहने की जगह पत्थर मिले। वह समझ गई कि ठगी की शिकार हो गई है। इसके बाद उन्होंने अपने पति को जानकारी दी और मामला दर्ज कराया।पुलिस जांच में जुटी है।