कंगन का लालच दे राँची रेलवे स्टेशन पर तीन ठगों ने मिल यात्री से 18 हजार नगद व मोबाइल ठगे

राँची।राँची रेलवे स्टेशन पर एक यात्री से तीन ठगों ने कंगन का लालच दे, उनसे 18 हजार रुपए नगद और मोबाइल फोन ठग लिए। इस संबंध में दुमका के तालझरी निवासी प्रेम कुमार मंडल (30) ने चुटिया थाना में ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में प्रेम मंडल ने बताया है कि वे दुमका इंटरसिटी से 4.30 बजे सुबह राँची रेलवे स्टेशन पर उतरे। जैसे ही वे रेलवे स्टेशन से बाहर निकले तो उन्हें एक आदमी रोते हुए मिला। उसके बगल में एक और व्यक्ति खड़ा था। उसने रो रहे व्यक्ति से पूछा क्या हुआ। तो उसने बताया कि उसका कंगन गिर गया है। कुछ देर बाद रो रहा व्यक्ति वहां से जैसे ही गया। प्रेम मंडल के बगल में खड़ा एक तीसरे व्यक्ति ने बोला कंगन मेरे पास है। उसने एक हजार रुपए लेकर प्रेम मंडल को कंगन दे दिए। जैसे ही प्रेम मंडल ने उससे कंगन लिया, एक बाइक सवार व्यक्ति आया और उसे धमकाने लगा। प्रेम मंडल को थाने ले जाने की बात कहने लगा। प्रेम डर गया। फिर बाइक सवार व्यक्ति ने प्रेम से 18 हजार रुपए व उसका मोबाइल ठग लिए। उसने प्रेम के मोबाइल से सिम निकाल उसे दे दिया और फिर उसे छोड़ भाग गया। इसके बाद प्रेम समझ गया कि वह ठगी की शिकार हुआ है। इसके बाद उसने थाने में जाकर सारी बात बताई और प्राथमिकी दर्ज कराया।