राँची-टाटा मार्ग पर मौत बनकर पलटा टेंपो, एक महिला की दर्दनाक मौत, पांच घायल; तीन की हालत गंभीर
-तमाड़ के डोरेया मोड़ पर बाइक को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा, सवारियों से भरा टेंपो सड़क पर पलटा**
राँची। राँची-टाटा मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। तमाड़ थाना क्षेत्र के डोरेया मोड़ के समीप बाइक को बचाने के प्रयास में सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, राँची रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, टेंपो तमाड़ बाजार से सवारियों को लेकर परासी की ओर जा रहा था। इसी दौरान डोरेया मोड़ के पास अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते टेंपो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए तमाड़ अस्पताल पहुंचाया।
इस दुर्घटना में दिउड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय गंगा देवी की मौत हो गई। वहीं पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। तमाड़ अस्पताल की चिकित्सक डॉ. मंजू गुप्ता ने बताया कि दुर्घटना के बाद पांच घायलों को अस्पताल लाया गया था, जबकि एक महिला की मौत हो चुकी थी। घायलों में तीन की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर थाना ले गई। रविवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। महिला की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।

