राँची में व्यवसायी के बंद घर में चोरों का तांडव, 13 लाख कैश सहित लाखों के जेवरात पार; ग्रामीणों-पुलिस की कार्रवाई में पांच चोर धराए, 7 लाख नकद और लाखों के जेवरात बरामद होने की सूचना…

 

राँची।राजधानी राँची के तुपुदाना में व्यवसायी के बंद घर से लाखों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की सूचना है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब सात लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य चोरी गए सामानों की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि 5 नवंबर की रात तुपुदाना ओपी क्षेत्र के बालसिरिंग रोड स्थित व्यवसायी मुकेश कुमार वर्मा के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर घर से 12 लाख 76 हजार रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी व हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गए थे।

दुकान बंद कर लौटे तो घर में मचा था तांडव

व्यवसायी मुकेश कुमार वर्मा के अनुसार, रात करीब 9:20 बजे अपनी दुकान बंद कर पत्नी और बच्चे के साथ घर पहुंचे। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जेवरात के खाली डिब्बे इधर-उधर पड़े थे। जांच करने पर नकदी और लाखों के आभूषण गायब मिले।इसके बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।

ग्रामीणों की सक्रियता से पुलिस को मिला सुराग

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने भी चोरों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बेरमाद इलाके में घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को पकड़ा। पकड़े गए लोगों में अमित महतो और कृष्णा सिंह के नाम भी सामने आए थे।अब इस मामले में पांच गिरफ्तारियों और करीब सात लाख रुपये नकद समेत लाखों के जेवरात की बरामदगी की सूचना सामने आ रही है। हालांकि, गिरफ्तारी और बरामदगी के पूरे विवरण पर पुलिस की आधिकारिक मुहर लगनी बाकी है।

बाकी सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी

चोरी गए सामानों में सोने के कंगन,चेन, मंगलसूत्र, नेकलेस सेट, अंगूठियां, झुमके, डायमंड टॉप्स, चांदी की पायल, बिछिया, सिक्के और पुराने नोट भी शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में गिरफ्तार लोगों के अलावा अन्य कोई शामिल था या नहीं। साथ ही बाकी नकदी और जेवरात की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई जारी है।

 

error: Content is protected !!