राँची रेलवे स्टेशन के पार्किंग एरिया में किन्नरों का तांडव, RPF जवानों से भिड़ंत; मारपीट-पथराव में एक जवान की कलाई टूटी, लियोनी हिरासत में

राँची।राजधानी राँची के रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की अहले सुबह उस समय हंगामा मच गया, जब रात्रि गश्त कर रहे रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के बीच विवाद के बाद मारपीट और पथराव की घटना हो गई। RPF की ओर से चुटिया थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में 5-6 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को हटने का निर्देश देने पर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरपीएफ जवानों पर पत्थर फेंके गए। इस घटना में दो जवान घायल हो गए, जिनमें एक की बाईं कलाई में फ्रैक्चर होने की बात कही गई है। पुलिस को दिए गए आवेदन में लियोनी राय समेत अन्य अज्ञात किन्नरों  के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है। आवेदन के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चुटिया पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

 

थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने की प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि
इस मामले में चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बताया कि RPF की ओर से लिखित आवेदन मिला है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर

रात तीन बजे पार्किंग क्षेत्र में शुरू हुआ विवाद
RPF पोस्ट राँची में पोस्ट कमांडर सह निरीक्षक के पद पर कार्यरत शिशुपाल कुमार ने चुटिया थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया है कि 13 अक्टूबर 2026 की रात यानी मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन बजे वह अन्य अधिकारियों और जवानों के साथ राँची रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पार्किंग क्षेत्र में करीब 5-6 ट्रांसजेंडर व्यक्ति कथित तौर पर आपत्तिजनक गतिविधियां करते मिले। RPF कर्मियों ने रेलवे परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें वहां से हटने और किसी तरह का उपद्रव नहीं करने का निर्देश दिया।

समझाने पर भी नहीं माने, बुला लिए अन्य साथी
आवेदन के अनुसार, निर्देश दिए जाने के बाद संबंधित किन्नरों ने कथित तौर पर आक्रामक व्यवहार करना शुरू कर दिया। RPF अधिकारियों और जवानों के अधिकार पर सवाल उठाते हुए वहां से जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि समझाने-बुझाने के प्रयासों के बावजूद विवाद बढ़ता गया। इसी दौरान कुछ किन्नरों ने अपने वस्त्र उतारने और अशोभनीय आचरण करने का प्रयास किया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और RPF कर्मियों के साथ उलझने लगे।

RPF जवानों पर पथराव, एक की कलाई में फ्रैक्चर
स्थिति बिगड़ने पर स्टेशन और सर्कुलेटिंग एरिया में तैनात अतिरिक्त RPF अधिकारियों और जवानों को मौके पर बुलाया गया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ और कुछ किन्नरों की ओर से कुछ व्यक्तियों ने RPF कर्मियों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव में आरक्षी के. के. महतो की बाईं कलाई में चोट लगी, जिससे फ्रैक्चर होने की बात कही गई है। वहीं प्रधान आरक्षी संतोष कुमार की पीठ पर भी पत्थर लगने से चोट आई।दोनों घायल जवानों को इलाज के लिए राँची के गुरु नानक अस्पताल में भर्ती कराया गया। आवेदन के साथ उनकी मेडिकल रिपोर्ट भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है। RPF का आरोप है कि इस घटना से न केवल जवानों को चोटें आईं, बल्कि सरकारी ड्यूटी के निर्वहन में भी बाधा उत्पन्न हुई।

आत्मरक्षा में बल प्रयोग, लियोनी राय हिरासत में
आवेदन में शिशुपाल कुमार ने बताया है कि लगातार हो रहे पथराव और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए RPF अधिकारियों एवं जवानों ने आत्मरक्षा तथा हालात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक न्यूनतम बल का प्रयोग किया। इस दौरान एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जिसकी पहचान लियोनी राय, पिता सजू नायक, निवासी मधुकांत तालाब, सुखदेवनगर थाना क्षेत्र, राँची के रूप में बताई गई है। आवेदन के अनुसार, घटना में शामिल अन्य व्यक्ति मौके से भाग निकले। उनकी पहचान की जा रही है।

चुटिया थाने में प्राथमिकी, अन्य आरोपियों की तलाश
RPF पोस्ट कमांडर शिशुपाल कुमार ने चुटिया थाना प्रभारी से लियोनी राय और घटना में शामिल अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। आवेदन में यह भी बताया गया है कि घटना की सूचना चुटिया थाना पुलिस को फोन पर दी गई थी और हिरासत में लिए गए व्यक्ति के गुरु को भी इसकी जानकारी दी गई।चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया है ।पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

 

 

error: Content is protected !!