पेपर लीक कांड में CID की बड़ी कार्रवाई, आरोपी उमेश राय के पिता सुरेश राय गिरफ्तार, जेल भेजे गए
राँची।सीआईडी ने परीक्षा पेपर लीक और धांधली से जुड़े सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में बड़ी कार्रवाई करते हुए अप्राथमिकी अभियुक्त सुरेश राय (62 वर्ष) को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी सुरेश राय, स्वर्गीय विश्वनाथ राय का पुत्र है और वर्तमान में बोकारो जिले के दुग्धा थाना क्षेत्र स्थित न्यू बीसीसीएल कॉलोनी, क्वार्टर नंबर एम 25/3 का निवासी है। जांच में सामने आया है कि सुरेश राय इस मामले में पहले जेल जा चुके मुख्य आरोपी उमेश राय का पिता है।सीआईडी की पड़ताल में खुलासा हुआ है कि सुरेश राय के दुग्धा स्थित आवास पर ही 30 से 35 अभ्यर्थियों को जुटाया गया था, जहां उन्हें परीक्षा से पहले प्रश्न-उत्तर रटवाए और पढ़वाए गए थे। इसके अलावा आरोपी पर अभ्यर्थियों से परीक्षा में सेटिंग और पास कराने के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूलने के भी पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। मामले में संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद सीआईडी ने उसे दबोच लिया और पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।

