राँची-गुमला NH पर भीषण सड़क हादसा, बालू लदे हाइवा के चालक-खलासी की मौके पर मौत

 

राँची। राँची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेड़ो थाना क्षेत्र के हाठु गांव के समीप गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बालू लदे हाइवा के चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों उसमें फंस गए।

बताया जाता है कि हाठु गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बेड़ो थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही बेड़ो थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना की भयावह स्थिति को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत की और क्षतिग्रस्त हाइवा में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही पुलिस उनके परिजनों को घटना की सूचना देने में जुटी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिवार में मातम का माहौल है।

भीषण दुर्घटना के कारण राँची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन के खड़े रहने से वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना किस वजह से हुई और दोनों वाहनों की आपस में टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!