शौच के लिए निकला युवक, कुछ घंटे बाद मिली लाश…गला दबाकर हत्या की आशंका,जांच में जुटी है पुलिस..
साहिबगंज। तालझरी थाना क्षेत्र के बड़ा तालबन्ना गांव में बुधवार की रात एक 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान गांव निवासी विपोल मंडल के रूप में हुई है। वह रात करीब आठ बजे घर से शौच जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर वह जमीन पर पड़ा मिला। परिजन उसे उठाकर देखने लगे तो उसकी मौत हो चुकी थी। उसके गले पर निशान मिलने के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जतायी जा रही है।
रात 12 बजे तक नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश
परिजनों के अनुसार, विपोल बुधवार रात करीब आठ बजे शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। रात करीब 12 बजे परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर विपोल बेसुध हालत में मिला। पास जाकर देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी।युवक के गले पर निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही तालझरी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
दो महीने पहले ही हुई थी शादी
बताया जाता है कि विपोल मंडल की शादी महज दो महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद उसकी हत्या की आशंका ने परिवार और ग्रामीणों को झकझोर दिया है। परिजनों के मुताबिक, विपोल का गांव के ही कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद को घटना से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

