पिस्का मोड़ कांड में राँची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 गिरफ्तार, तीन गौ तस्कर और नौ आगजनी आरोपी जेल भेजे गए
राँची।राजधानी राँची के पिस्का मोड़ के पास गौवंशीय पशुओं की तस्करी और टाटा मैजिक वाहन में आगजनी के मामले में राँची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में गौवंशीय पशुओं की तस्करी के मामले में तीन आरोपी, जबकि टाटा मैजिक वाहन में आग लगाने के मामले में नौ आरोपी शामिल हैं।
घटना को लेकर पंडरा ओपी में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पुलिस को गौवंशीय पशुओं को अवैध तरीके से वाहन में ले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर भीड़ जुट गई और बाद में भीड़ में से कुछ लोगों ने गौवंशीय पशुओं को वाहन से उतारने के बाद टाटा मैजिक वाहन में आग लगा दी गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आगजनी में शामिल नौ लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। वहीं, गौवंशीय पशुओं को अवैध तरीके से ले जाने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना पर पिस्का मोड़ पहुंची थी पुलिस
FIR के अनुसार, पंडरा ओपी में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर लालमोहन खड़िया (52 वर्ष) की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें बताया गया है कि 20 सितंबर 2026 को सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा मैजिक वाहन संख्या JH01FT1144 में गौवंशीय पशुओं को अवैध तरीके से ले जाया जा रहा है।सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पिस्का मोड़ पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर वहां लोगों की भीड़ जुटी हुई थी।
पुलिस ने टाटा मैजिक वाहन की जांच की तो उसके अंदर छह गौवंशीय पशु मिले। FIR में पशुओं को वाहन के अंदर क्रूरतापूर्वक तरीके से लादे जाने का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने वाहन में मौजूद लोगों से पशुओं को ले जाने से संबंधित कागजात मांगे, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।बरामद छह पशुओं में तीन काले रंग की गाय, दो हल्के भूरे रंग की गाय और एक काले रंग का छोटा बछड़ा शामिल था। पुलिस ने मामले में पशुओं को अवैध तरीके से ले जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ बढ़ती गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और वाहन तथा पशुओं को थाना ले जाने की कोशिश की। लेकिन FIR के अनुसार, भीड़ पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं थी।इसके बाद भीड़ ने वाहन में लदे पशुओं को बाहर निकाल लिया। इसी दौरान टाटा मैजिक वाहन में आग लगा दी गई। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया और घटना की जानकारी तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई।
वाहन जलाने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में—
यश यादव, कटहल मोड़
दिलीप कुमार
गोविंद कुमार
मयंक साहू, दलादिली
अभिषेक तिवारी, दीपाटोली, पुंदाग
हर्षवर्धन, एयरपोर्ट थाना क्षेत्र, तुंबा गुटू
आर्यन सिंह, पुंदाग रोड
शुभम सिंह, डिबडीह
आदित्य राव, ओटीसी, शाहदेवनगर
शामिल हैं।
वहीं, गौवंशीय पशुओं को अवैध तरीके से ले जाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमे चालक और दो अन्य तस्कर शामिल है।इस तरह दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
FIR में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) और 3(5) के अलावा Prevention of Cruelty to Animals Act की धारा 11 तथा The Jharkhand Bovine Animal Prohibition of Slaughter Act की धारा 12(2) के तहत मामला दर्ज किए जाने का उल्लेख है। प्राथमिकी में वाहन संख्या JH01FT1144 के मालिक, चालक तथा गौवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख है।
पुलिस ने इस मामले में आगजनी करने वालों और गौवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी करने वालों के खिलाफ अलग-अलग कार्रवाई की है। गिरफ्तार सभी 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

