कोडरमा घाटी में आमने-सामने भिड़े दो ट्रेलर, चालक की मौके पर मौत; टक्कर में शरीर दो हिस्सों में बंटा
कोडरमा। कोडरमा घाटी में रविवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। मेघातरी कालीमंडा के समीप करीब रात दो बजे तेज रफ्तार दो ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जाता है कि रविवार की रात करीब दो बजे दोनों ट्रेलर कोडरमा घाटी से गुजर रहे थे। मेघातरी कालीमंडा के पास अचानक दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शरीर दो हिस्सों में अलग हो गया। वहीं, दोनों ट्रेलरों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दोनों ट्रेलर आमने-सामने कैसे आ गए, इसकी जांच की जा रही है।
कोडरमा घाटी में पहले भी तेज रफ्तार और भारी वाहनों की टक्कर के कारण कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। खासकर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही के बीच घाटी में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ताजा हादसे ने एक बार फिर घाटी में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की गति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

