तेज रफ्तार ट्रेलर ने उजाड़ दिया परिवार, स्कूटी सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

जमशेदपुर। रविवार की शाम जमशेदपुर की सड़कों पर एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एग्रिको स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के समीप तेज रफ्तार टिप ट्रेलर ने स्कूटी सवार पिता और पुत्र को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में दोनों की मौत हो गयी।

घटना भुइयांडीह से एग्रिको सिग्नल जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुई। बताया जाता है कि पिता-पुत्र स्कूटी से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार टिप ट्रेलर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायल बच्चे को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, बच्चे के पिता की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
दर्दनाक घटना के बाद सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। खबर लिखे जाने तक मृतक पिता-पुत्र की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टिप ट्रेलर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। वाहनों की लंबी कतार लग गयी। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गयी।

error: Content is protected !!