देवघर:झपकी आई और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया,शिक्षिका बेटी की मौत,पति-पत्नी घायल

देवघर।जिले के देवघर-मोहनपुर मुख्य मार्ग पर चौपामोड़ के पास मंगलवार सुबह एक कार तेज गति में सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 31 वर्षीय शिक्षिका रेखा रानी की मौत हो गई। वहीं उसके पिता दुर्गा महतो और माँ नीता देवी घायल हो गए।बताया गया कि ये सभी लोग गोड्डा जिले के पांडेबथान के रहने वाले हैं। हालांकि रेखा वर्तमान में देवघर में शिक्षिका थी और यहीं किराए के मकान में रहती थी। वहीं उसके पिता दुर्गा महतो बिहार विधानसभा से सेवानिवृत्त हुए हैं और माँ नीता देवी झारखण्ड सचिवालय में कार्यरत हैं और ये दोनों राँची में रहते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गोड्डा गए थे। वहां से ये लोग कार से लौट रहे थे। तय कार्यक्रम के तहत बेटी को देवघर में उतारने के बाद वे राँची चले जाते। कार दुर्गा महतो चला रहे थे। रास्ते में चौपामोड़ के पास दुर्गा महतो को अचानक झपकी आ गई और तीनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान रेखा की मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस घटना में कार काफी क्षतिग्रस्त हो गया है।

इधर दो अन्य सड़क हादसों में देवघर के रहने वाले रंजन प्रसाद यादव व सुनिया देवी भी घायल हो गए हैं। इन दोनों को भी इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।