छड़वा डैम के जंगल में आर्मी जवान का शव फंदे से लटका मिला, इलाके में मची सनसनी
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र स्थित छड़वा डैम के जंगल में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह आसपास के इलाके में फैल गई। मृतक की पहचान धनंजय कुमार, पिता राजकुमार महतो के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धनंजय कुमार आर्मी में जवान था।
सुबह जंगल की ओर गए स्थानीय लोगों की नजर जब पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धनंजय कुमार किन परिस्थितियों में छड़वा डैम के जंगल तक पहुंचा और उसने यह कदम क्यों उठाया। घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
धनंजय कुमार की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं। पुलिस अब मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है, ताकि मौत की परिस्थितियों की कड़ियां जोड़ी जा सकें।फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। आर्मी जवान की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

