एमिटी यूनिवर्सिटी कांड: विधायक पुत्र से मारपीट के आरोप में दूसरे पक्ष की भी FIR, शराब के नशे में हंगामा और धमकी का लगाया आरोप

 

राँची। नयासराय स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट का मामला अब और हाई प्रोफाइल हो गया है। इस मामले में जहां एक पक्ष की ओर से एलएलबी छात्र विधायक पुत्र सौरभ कुमार ने अपहरण, छिनतई और गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी, वहीं अब दूसरे पक्ष की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कराकर सौरभ कुमार और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र लक्की राज की माँ  ने विधानसभा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि 7 सितंबर को यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर सौरभ कुमार और उसके साथियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की, उसके गले से सोने का लॉकेट और जेब से 4,500 रुपये छीन लिए तथा जान से मारने की धमकी दी।

जिस मामले में अपहरण का आरोप लगा था, दूसरा पक्ष ने भी एफआईआर दर्ज कराया

सौरभ कुमार की ओर से दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि लक्की राज ने बाहरी युवकों को बुलाकर दो काली स्कॉर्पियो से उसे जबरन उठवा लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए मोबाइल व करीब 20 ग्राम सोने की चेन छीन ली। इस मामले में लक्की राज सहित नौ युवकों को नामजद किया गया है।अब इसी घटना को लेकर लक्की राज की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में पूरी तरह अलग घटनाक्रम बताया है। उनका आरोप है कि विवाद की शुरुआत सौरभ कुमार और उसके साथियों की ओर से हुई थी

बीयर और शराब की बोतल लेकर खड़े होने का आरोप

प्रियंका सिंह के अनुसार, 7 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे उनका बेटा लक्की क्लास खत्म कर यूनिवर्सिटी के मेन गेट से बाहर निकल रहा था। उसी दौरान वहां सौरभ कुमार, वासु दूबे, हर्षवर्धन तिवारी और प्रतीक सिंह मौजूद थे। आरोप है कि उनके हाथ में बीयर और शराब की बोतल थी और वे सिगरेट पी रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, लक्की को रोककर उसके साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद सौरभ ने उसका कॉलर पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।

लॉकेट और 4,500 रुपये छीनने का आरोप
लक्की की मां ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान सौरभ और उसके साथियों ने उसके बेटे के गले से सोने का लॉकेट और जेब से 4,500 रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसे जमीन पर गिराकर बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा गया तथा गला दबाने का भी प्रयास किया गया।

पिता विधायक हैं’ कहकर धमकाने का आरोप
शिकायत में सौरभ पर यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि उसने खुद को विधायक का बेटा बताते हुए लक्की को धमकी दी। आरोप है कि उसने गोली मारने और एससी/एसटी एक्ट में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की बात कही।शिकायतकर्ता के अनुसार, जब मौके पर अन्य छात्र जुटने लगे तो सौरभ ने अपने साथियों से कथित तौर पर पिस्टल लाने को कहा।

किडनैपिंग के आरोप पर भी उठाए सवाल
दूसरे पक्ष ने सौरभ की ओर से लगाए गए अपहरण के आरोप को भी गलत बताया है। प्रियंका सिंह के अनुसार, मौके पर भीड़ बढ़ने के बाद सौरभ के कुछ साथी वहां से चले गए। छात्रों ने स्थिति शांत करने के लिए सौरभ को गाड़ी में बैठाकर विधानसभा थाना ले जाने का फैसला किया।आरोप है कि रास्ते में सौरभ ने फोन कर किसी को अपनी किडनैपिंग की सूचना दी और बाद में फोन फ्लाइट मोड पर कर दिया। इसके बाद उसे गाड़ी से उतार दिया गया और लक्की पैदल उसे लेकर थाने पहुंचा।

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल- सच क्या है?
एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों ने मामले को पेचीदा बना दिया है। एक पक्ष जहां अपहरण, चेन और मोबाइल छीनने का आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरा पक्ष मारपीट, छिनतई, धमकी और नशे में हंगामा करने का आरोप लगा रहा है।अब पूरे मामले की सच्चाई यूनिवर्सिटी गेट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, घटनास्थल पर मौजूद छात्रों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से सामने आने की उम्मीद है। विधानसभा थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

बता दें लक्की राज राँची पुलिस का एक दरोगा का बेटा है।मामला अब पुलिस और विद्यायक का हो गया।जांच और कार्रवाई किस प्रकार होगी ये तो बाद में पता चलेगा।

 

error: Content is protected !!