राँची के कोतवाली थाना के पीछे बड़ा हादसा: भरभराकर गिरी पानी टंकी, दो लोगों की मौत

राँची। राजधानी राँचीमें बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। कोतवाली थाना के पीछे में वर्षों पुरानी और जर्जर पानी की टंकी अचानक भरभराकर ढह गई। टंकी के आसपास निर्माण कार्य में जुटे दो लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मलबे में दो लोगों के दबे होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमों ने तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद दो लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

अचानक गिरी जर्जर टंकी, देखते ही देखते मलबे में तब्दील हुआ ढांचा

बताया जा रहा है कि कोतवाली थाना के पीछे स्थित पानी की टंकी काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। बुधवार शाम अचानक टंकी का ढांचा कमजोर पड़ा और देखते ही देखते पूरी संरचना नीचे आ गिरी। टंकी गिरने की आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। उस समय टंकी के आसपास निर्माण कार्य चल रहा था और मजदूर काम में लगे हुए थे। अचानक हुए हादसे में दो लोग मलबे की चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुआ रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। भारी मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसे देखते हुए पुलिस ने इलाके को नियंत्रित किया ताकि बचाव अभियान में किसी तरह की बाधा न आए।रेस्क्यू टीम ने मलबे को सावधानी से हटाना शुरू किया। शुरुआती अभियान में एक का शव बरामद किया गया। इसके बाद दूसरे की तलाश जारी रखी गई। काफी मशक्कत के बाद दूसरे व्यक्ति को भी मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी भी मौत हो चुकी थी।

हादसे में दो लोगों की जान जाने के बाद उनके परिवारों में मातम पसर गया है।  पुलिस और प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान तथा उनके परिजनों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया की जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, टंकी काफी समय से पुरानी और कमजोर हालत में थी। ऐसे में अचानक उसके ढहने की घटना ने सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे की वजह की होगी जांचपुलिस और प्रशासन अब पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टंकी किन परिस्थितियों में गिरी और क्या उसके आसपास चल रहे निर्माण कार्य का इससे कोई संबंध था। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि जर्जर संरचना को लेकर पहले कोई शिकायत या चेतावनी दी गई थी या नहीं।

error: Content is protected !!