शॉपिंग कर स्कूटी पर बैठ रही आरपीएफ जवान की पत्नी के गले से 1.50 लाख की सोने की चेन झपटी,करीब दो महीने बाद मामला दर्ज…
राँची। जगरनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लटमा रोड स्थित मॉल के पास दिनदहाड़े बाइक सवार दो उचक्कों ने आरपीएफ जवान की पत्नी के गले से करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।घटना को लेकर पीड़ित आरपीएफ जवान सेलेस्तीन कच्छप की लिखित शिकायत पर जगरनाथपुर थाने में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।पीड़ित सेलेस्तीन कच्छप, जो वर्तमान में आरपीएफ पोस्ट में आरक्षी के पद पर पदस्थापित हैं और नया लटमा के रहने वाले हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 जुलाई को दोपहर करीब 3:45 से 4:00 बजे के बीच वे अपनी पत्नी रोशिता मगदली बरला के साथ स्कूटी से सामान की खरीदारी करने लटमा रोड, विकास नगर रोड नंबर 02 स्थित एक मॉल के पास गए थे।
सामान खरीदने के बाद जैसे ही उनकी पत्नी स्कूटी पर बैठने लगीं, तभी सामने से टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे. बाइक सवारों ने झपट्टा मारकर उनकी पत्नी के गले से करीब 13 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली।दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तेजी से सिंह मोड़ होते हुए बिरसा चौक की ओर भाग निकले।पीड़ित जवान ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में निकल भागने में सफल रहे।घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल-100 पर इसकी सूचना दी थी।ड्यूटी में व्यस्तता के कारण लिखित आवेदन बाद में दिया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

