कोडरमा में रिश्तों का कत्ल: बीमारी से उबर रही बेटी से पिता ने की हैवानियत, आरोपी गिरफ्तार
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा थाना क्षेत्र में पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हाल ही में अपेंडिक्स के ऑपरेशन से उबर रही अपनी ही बेटी के साथ पिता ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की माँ की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता अरविंद बरनवाल को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता का हाल ही में अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था और वह स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए अपनी नानी के घर गई हुई थी। आरोप है कि उसके पिता अरविंद बरनवाल ने उस पर दबाव बनाकर जोर-जबरदस्ती से उसे कोडरमा बुलाया। 31 अगस्त की दोपहर पीड़िता की माँ काम पर बाहर गई हुई थी, तभी अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने बेटी के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद उसने पीड़िता को किसी से भी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के अगले दिन पीड़िता बेहद डरी और सहमी हुई थी। माँ ने जब संदेह होने पर प्यार से कारण पूछा, तो बेटी ने पिता की पूरी करतूत उजागर कर दी। सच्चाई जानकर माँ ने तुरंत अपने मायके वालों से संपर्क किया और उन्हें कोडरमा बुलाया। 2 सितंबर को मायके वालों के पहुंचते ही पीड़िता की माँ सीधे कोडरमा थाने पहुंची और अपने पति अरविंद बरनवाल के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में इस बात का भी उल्लेख है कि करीब दो साल पहले भी आरोपी ने अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। उस वक्त माँ ने मौके पर पहुंचकर बेटी को बचा लिया था और पुलिस में शिकायत की थी। हालांकि, तब आरोपी ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या का नाटक किया था, जिसके बाद परिवार बचाने के दबाव में माँ ने केस वापस ले लिया था।
कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि माँ के आवेदन के आधार पर आरोपी अरविंद बरनवाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है।

