बोकारो में 10 साल की मासूम से दरिंदगी: कसमार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा तेनुघाट जेल
बोकारो।।झारखण्ड के बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र में इंसानियत को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक गांव में 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी पीड़िता के ही गांव का 32 वर्षीय युवक है।
घटना सोमवार दिन के करीब 11:30 बजे की है। बच्ची स्कूल से घर लौटने और नाश्ता करने के बाद पास के खेत की तरफ गई थी। लगभग 15 मिनट बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। मां जब उसे खोजने निकली, तो खेत की तरफ से बच्ची के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी।बदहवास हालत में मौके पर पहुंची मां को देखते ही आरोपी युवक वहां से भाग निकला।इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में लोगों का भारी आक्रोश फैल गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर कसमार थाना पुलिस ने तुरंत जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि बच्ची के साथ हुई इस वारदात की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में तेनुघाट जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
