राँची में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू कंटेनर ने मजदूरों को रौंदा, 2 की दर्दनाक मौत और 3 गंभीर घायल

​राँची। जिले के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित पुराना रामपुर के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो मजदूरों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।जिसमें एक कि स्थिति नाजुक बनी हुई है।

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर रोजाना की तरह पुराना रामपुर के पास एनएच-33 पर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अपना नियंत्रण खो बैठा और सीधे काम कर रहे मजदूरों को रौंदते हुए बीच सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

​घटना की सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस स्थानीय लोगों की सहायता से तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों गंभीर रूप से घायल मजदूरों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने दोनों मृत मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर के पलटने से एनएच-33 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से हटाकर आवागमन सामान्य कराया। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

error: Content is protected !!