मोबाइल चोरी के शक में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर जंगल में दफनाया शव,9 दिन बाद हुआ खुलासा…दो आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में दो युवकों की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कांड्रा थाना क्षेत्र के धतकीडीह स्कूल में 13 अगस्त की रात मारपीट के बाद लापता हुए राहुल हांसदा (23) और तपन प्रधान (22) के शव शनिवार को गम्हरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर फुटबॉल मैदान के नीचे स्थित रापचा जंगल से बरामद किए गए। दोनों शव जमीन में दफन किए गए थे। पुलिस ने नामजद आरोपी फुलचांद उर्फ रघुनाथ हांसदा और रवींद्र मार्डी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, राहुल और तपन पर फुलचांद हांसदा का मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया गया था। इसी शक में 13 अगस्त की रात दोनों के साथ मारपीट की गई। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि मारपीट के दौरान दोनों की मौत हो गई। इसके बाद घटना छिपाने के लिए दोनों के शवों को रात के अंधेरे में रापचा जंगल ले जाकर जमीन में दफना दिया गया।
दो घंटे तक चली खुदाई, जेसीबी से बाहर निकले शव
शनिवार दोपहर करीब दो बजे कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू और गम्हरिया थाना पुलिस दंडाधिकारी सह अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को लेकर रापचा जंगल पहुंची। मुख्य सड़क से करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल में आरोपियों ने शव दफनाने की जगह की पहचान कराई।पुलिस ने पहले गैता-कुदाली से शव निकालने का प्रयास किया, लेकिन जमीन काफी गहरी होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी मंगाई गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जमीन के अंदर से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शव दफनाने के बाद नदी में फेंक दिए औजार
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों शवों को दफनाने में पूरी रात लग गई थी। घटना में इस्तेमाल किए गए गैता-कुदाली समेत अन्य औजारों को बाद में खरकई नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने औजारों की बरामदगी का प्रयास किया, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
तीसरे युवक को छोड़ दिया, राहुल और तपन की मौत के बाद खुला राज
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल चोरी की जानकारी मिलने के बाद राहुल हांसदा, तपन प्रधान और सूरज हांसदा को धतकीडीह स्कूल से गम्हरिया लाया गया था। वहां तीनों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद सूरज को छोड़ दिया गया और वह अपने घर चला गया।आरोपियों के अनुसार, कुछ देर बाद राहुल और तपन को भी छोड़ने की बात कही गई थी। लेकिन कुछ दूर जाने के बाद दोनों जमीन पर गिर पड़े। पास जाकर देखा गया तो दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने के लिए दोनों शवों को रापचा जंगल ले जाकर जमीन में दफना दिया।
पिता के बयान पर केस, अन्य आरोपियों की तलाश तेज
राहुल हांसदा के पिता रवि हांसदा के बयान पर कांड्रा थाना में फुलचांद उर्फ रघुनाथ हांसदा और रवींद्र मार्डी के खिलाफ राहुल और तपन पर जानलेवा हमला करने तथा अपहरण करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।राहुल हांसदा पिंड्राबेड़ा का रहने वाला था, जबकि तपन प्रधान मूल रूप से खरसावां के सुपायसाय का निवासी था और फिलहाल गम्हरिया में रह रहा था। दोनों युवकों के शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

