माँ की चीख, शराब का नशा और खूनी इंतकाम: पलामू में पिता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा

पलामू। पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र का मतुली गांव 16 अगस्त की रात एक ऐसे दिल दहला देने वाले हत्याकांड का गवाह बना, जहां मां पर हो रहे अत्याचार को देखकर एक बेटे के सिर पर खून सवार हो गया। मां की जान बचाने के प्रयास में बेटे ने अपने ही पिता पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घटना वाले दिन मतुली गांव में जगतपाल सिंह और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बात इतनी बढ़ी कि शराब के नशे में धुत जगतपाल ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए बदहवास पत्नी घर से निकलकर सड़क की तरफ भागी।
इसी दौरान उनका बेटा संतोष कुमार सिंह वहां पहुंचा। रोती-बिलखती मां ने जब पिता के जुल्म की कहानी सुनाई, तो संतोष का गुस्सा बेकाबू हो गया। वह सीधे घर के भीतर दाखिल हुआ और पिता से भिड़ गया। उस वक्त संतोष भी शराब के नशे में था। बहस इतनी बढ़ी कि संतोष ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से पिता जगतपाल सिंह पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद संतोष ने साक्ष्य मिटाने की साजिश रची। वह पिता के शव को खींचकर पास के जंगल में ले गया और वहीं उनका अंतिम संस्कार कर मामले को हमेशा के लिए दबाने की फिराक में था। हालांकि, पुलिस को भनक लग गई। छापेमारी कर पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर लिया, लेकिन संतोष उस वक्त फरार होने में कामयाब रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पांकी पुलिस ने दबिश बढ़ाई और आखिरकार आरोपी संतोष कुमार सिंह को धर दबोचा।पांकी के थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया, “घटना के समय पिता और बेटा दोनों अत्यधिक शराब के नशे में थे। अपनी मां को पिता की पिटाई से बचाने के दौरान संतोष ने जगतपाल सिंह पर घातक हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।”

