JSSC में CID की एंट्री से मचा हड़कंप, सचिव से पूछताछ और अहम रिकॉर्ड जब्त

 

राँची।झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) का कार्यालय सोमवार को उस वक्त अचानक सुर्खियों में आ गया, जब अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की विशेष टीम ने यहां दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से आयोग परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, CID की टीम ने JSSC के सचिव सुधीर गुप्ता को हिरासत में लेकर बंद कमरे में काफी देर तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान परीक्षा संचालन, एजेंसी के चयन और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर कई अहम सवाल किए गए।

रिकॉर्ड से लेकर सर्वर तक खंगाला गया
कार्रवाई के दौरान CID की टीम ने आयोग के कई महत्वपूर्ण अनुभागों की जांच की। हाल में आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, डिजिटल फाइलें और सर्वर में मौजूद डेटा भी जांच के दायरे में लिया गया।सूत्रों के अनुसार, टीम ने परीक्षा से जुड़े सीलबंद लिफाफे, कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, हाजिरी रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में लिए हैं।

परीक्षा गड़बड़ी की शिकायतों से जुड़ा है मामला?
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई राज्य में हाल के दिनों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, प्रश्नपत्र लीक और अन्य अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों के बाद दर्ज प्राथमिकियों के सिलसिले में की जा रही है।JSSC की कार्यप्रणाली को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों ने कई बार विरोध प्रदर्शन भी किया है।

फिलहाल CID की इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही यह स्पष्ट होगा कि टीम ने किन मामलों और दस्तावेजों को केंद्र में रखकर यह कार्रवाई की है और पूछताछ के बाद आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

error: Content is protected !!